मुंगेली पुलिस की बड़ी सफलता : जमीन विवाद पर हुई हत्या के तीन आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा व एसडीओपी मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में सिटी कोतवाली पुलिस ने ग्राम नेवासपुर में हुई हत्या के तीन आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
यह मामला ग्राम नेवासपुर में जमीन विवाद से जुड़ा है। 11 दिसंबर को खेत में धान की फसल काटने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान झम्मन सप्रे, विमल सप्रे, दूजराम सप्रे और द्वारिका सप्रे ने एक राय होकर प्रफुल सोनकर और उनके परिवार पर लाठी, डंडा व लोहे के रॉड से हमला कर दिया। हमले में प्रफुल के दादा जनक सोनकर को गंभीर चोटें आईं, जिनकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।घटना की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 530/25 धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस दर्ज किया गया था, जिसे बाद में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस से बढ़ाया गया।पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी झम्मन लाल सप्रे (54), दूजराम सप्रे (55) और द्वारिका सप्रे (18) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया और उनके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टंगिया, लाठी व लोहे का रॉड जब्त किए गए। गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को 13 दिसंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया, जबकि एक आरोपी विमल सप्रे की तलाश जारी है।कार्यवाही में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, उपनिरीक्षक हरीश साहू, भानुप्रताप बर्मन, मधुकर रात्रे, आरक्षक चंद्र कुमार ध्रुव, मनोज ठाकुर, बालीराम ध्रुव, राजेश बंजारे, दिलीप साहू, विकास ठाकुर, योगेश यादव, संजय यादव, नोहर डड़सेना, अजय चंद्राकर एवं रवि श्रीवास की सक्रिय भूमिका रही।





