पूर्व विधायक ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना, कहा- 2023 के कानून को तुरंत लागू करने से क्यों बच रही भाजपा?

मुंगेली। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में मुंगेली में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व विधायक ममता चंद्राकर ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर देश में भ्रम फैला रही है, जबकि उसकी असल मंशा आरक्षण देना नहीं बल्कि अपने मनमुताबिक सीटों का परिसीमन करना है।

”झूठ बोल रहे हैं जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग”
पत्रकारों से रूबरू होते हुए ममता चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक इस विषय पर असत्य कथन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “भाजपा यह प्रचार कर रही है कि विपक्ष ने बिल का समर्थन नहीं किया, जबकि सच्चाई यह है कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023’ (128वां संविधान संशोधन) संसद के दोनों सदनों में पारित हो चुका है और राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के बाद कानून बन चुका है। फिर सरकार इसे तुरंत लागू क्यों नहीं कर रही?”
परिसीमन के षड्यंत्र का आरोप
पूर्व विधायक ने दावा किया कि 16 अप्रैल 2026 को संसद में लाया गया 131वां संविधान संशोधन विधेयक वास्तव में महिला आरक्षण के मुखौटे में परिसीमन और केंद्र शासित प्रदेशों के कानूनों में बदलाव का प्रयास था। उन्होंने कहा कि भाजपा इस विधेयक के जरिए लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करना चाहती थी, जिसमें राज्यों की 815 और केंद्र शासित प्रदेशों की 35 सीटें प्रस्तावित थीं।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब 2026-27 की जनगणना की प्रक्रिया शुरू है, तो सरकार पुराने आंकड़ों के आधार पर परिसीमन क्यों थोपना चाहती थी? यदि सरकार की नीयत साफ होती, तो वह 2023 के कानून में संशोधन कर वर्तमान सदस्य संख्या में ही 33 प्रतिशत आरक्षण तुरंत प्रभावी कर सकती थी।
कांग्रेस रही है महिला आरक्षण की जननी
इतिहास का हवाला देते हुए चंद्राकर ने कहा कि पंचायतों और स्थानीय निकायों में आज जो महिलाएं नेतृत्व कर रही हैं, वह कांग्रेस की देन है। 1989 में राजीव गांधी ने इसकी नींव रखी और 1993 में पी.वी. नरसिम्हा राव के कार्यकाल में इसे कानून बनाया गया। डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार ने 2010 में राज्यसभा से महिला आरक्षण बिल पास कराया था।
पत्रकार वार्ता में ये रहे मौजूद
इस दौरान पंडरिया की पूर्व विधायक ममता चंद्राकर के साथ जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा, संजीत बनर्जी, मायारानी सिंह, जागेश्वरी वर्मा, उर्मिला यादव, दीपक गुप्ता, स्वतंत्र मिश्रा, संजय यादव, अभिलाष सिंह, खुशबू वैष्णव, बिंदु यादव, शकीरा, ललिता सोनी, अनिता विश्वकर्मा, जाहिदा बेगम, निधि पौराणिक, वैशाली सोनी, आराधना तिवारी, साधना वर्मा, मनोरमा गुप्ता, ममता वर्मा और श्रीनिवास ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Khabar Daar36 Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

