करोड़ों के विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण-भूमिपूजन, लेकिन महतारी प्रतिमा पर माल्यार्पण नहीं होने से लोगों में नाराजगी
मुंगेली। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के मुंगेली दौरे के दौरान करोड़ों रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। जिले को कई बड़ी सौगातें मिलीं, वहीं विभिन्न समाजों और संगठनों ने मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर भव्य स्वागत की तैयारियां भी की थीं। लेकिन पूरे कार्यक्रम के बीच एक ऐसा मुद्दा सामने आया, जिसने राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है। मुख्यमंत्री का काफिला जिस मार्ग से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचा, उसी मार्ग में स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण नहीं किए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता और संस्कृति का प्रतीक मानी जाने वाली छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के सामने से मुख्यमंत्री का काफिला गुजरा, लेकिन वहां रुककर श्रद्धांजलि या माल्यार्पण नहीं किया गया। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह केवल एक प्रतिमा नहीं, बल्कि प्रदेश की पहचान और गौरव का प्रतीक है।

ऐसे में मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान भाजपा नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को इस विषय पर ध्यान देना चाहिए था। लोगों का आरोप है कि कार्यक्रम की तैयारियों और स्वागत में व्यस्त भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ महतारी प्रतिमा पर माल्यार्पण कराने की याद तक नहीं दिलाई। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस तरह की छोटी दिखने वाली बातें जनता के बीच बड़ा संदेश छोड़ती हैं। खासकर तब, जब प्रदेश सरकार लगातार छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और गौरव को बढ़ावा देने की बात करती रही हो। हालांकि इस मामले में अब तक भाजपा संगठन या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन सोशल मीडिया और स्थानीय चर्चाओं में यह मुद्दा लगातार उठ रहा है। कई लोगों ने इसे “अनजाने में हुई चूक” बताया, तो कुछ ने इसे स्थानीय नेतृत्व की लापरवाही करार दिया है। अब देखने वाली बात होगी कि आने वाले समय में इस मुद्दे पर भाजपा संगठन या स्थानीय जनप्रतिनिधि कोई स्पष्टीकरण देते हैं या नहीं।

The News Related To The News Engaged In The Khabar Daar36 Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

