मुंगेली में हुए रक्तदान शिविर में 165 ने किया रक्तदान, थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को मिलेगा जीवनदान

मुंगेली। सेवा भारती मुंगेली, गुरु भक्त परिवार एवं छत्तीसगढ़ नागरिक सुरक्षा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान में 17 सितंबर को विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 165 रक्तदाताओं ने अपना रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। इसमें नगर के युवाओं के साथ-साथ 7 मातृ शक्तियों ने भी सक्रिय रूप से हिस्सा लिया।यह रक्तदान शिविर विशेष रूप से थैलेसीमिया बीमारी से ग्रसित बच्चों के लिए समर्पित रहा। शिविर से एकत्रित किया गया सारा रक्त इन बच्चों को निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।लगभग आठ वर्षों से सेवा भारती मुंगेली लगातार रक्तदान के क्षेत्र में कार्य कर रही है और नगर में रक्तदान के प्रति जागरूकता लाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। जहां पहले बहुत कम लोग रक्तदान के लिए आगे आते थे, वहीं अब सेवा भारती की इस पहल के बाद मुंगेली में लगातार विभिन्न संस्थाओं द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं और अधिक से अधिक लोग उत्साहपूर्वक रक्तदान कर रहे हैं
।यह पहल न केवल थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को जीवनदान दे रही है बल्कि समाज में “रक्तदान – महादान” की सोच को भी मजबूती प्रदान कर रही है।





