मुंगेली में ठंड का कहर, अलाव नहीं जलने से आमजन बेहाल

मुंगेली। लगातार बढ़ती ठंड ने नगरवासियों की परेशानी और बढ़ा दी है। सुबह और शाम के समय गलनभरी हवाओं ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है। वहीं दूसरी ओर नगर पालिका द्वारा अभी तक सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था शुरू नहीं की गई है।नगर के प्रमुख चौक-चौराहों जैसे बस स्टैंड, पड़ाव चौक, पुराना बस स्टैंड, गोल बाजार, बड़े बाजार और मंडी क्षेत्र में रात के समय लोग ठंड से ठिठुरते दिखाई दे रहे हैं। कई गरीब और असहाय व्यक्ति खुले आसमान तले रातें गुजारने को मजबूर हैं।नगरवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से तुरंत अलाव की व्यवस्था शुरू करने की मांग की है, ताकि आमजन को ठंड से राहत मिल सके। लोगों का कहना है कि हर वर्ष दिसंबर के पहले शुरुआती दिनों से ही अलाव की व्यवस्था कर दी जाती थी, लेकिन इस बार अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया है, जिससे जनता में नाराजगी देखी जा रही है।





