गुरु घासीदास जयंती पर संघ के स्वयंसेवकों ने दिया सामाजिक समरसता का संदेश

मुंगेली। बाबा गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने अमरटापू धाम, मुंगेली नगर स्थित सतनाम भवन दाऊपारा, पेंडाराकापा सहित अनेक गावों के जैतखंभ स्थलों में जाकर पूजन-अर्चन और श्रीफल चढ़ाकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया। इस अवसर पर आरती एवं बाबा के संदेशों का वाचन किया गया।कार्यकर्ताओं ने बाबा गुरु घासीदास जी के समाज सुधार एवं बुराइयों के उन्मूलन के प्रयासों का उल्लेख करते हुए संघ की सामाजिक समरसता की स्वाभाविक कार्यपद्धति—एक साथ भोजन करना, समान जीवनचर्या अपनाना और एक ही लक्ष्य के प्रति समर्पण—को समाज एकीकरण का सुंदर उदाहरण बताया।सतना̣म संदेश यात्राओं का स्वागत विविध स्थलों पर किया गया। इस दौरान “सर्व समाज साथ रहे, सेवा सहकार रहे”, “मनखे-मनखे एक समान—बाबा का संदेश महान” जैसे भावों की अभिव्यक्ति स्वयंसेवकों ने दी।कार्यक्रम में संघ के विभाग, जिला, खंड, नगर एवं मंडल स्तर के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक प्रयासों के माध्यम से भारत की एकात्मकता और संगठित स्वरूप को बल प्रदान करने का संकल्प लिया। शाखाओं में गुरु घासीदास जी की जीवनी पर आधारित बड़ी कहानी का भी आयोजन किया गया।





