भाजयुमो में संगठन विस्तार : गौरी गुप्ता बनीं प्रदेश उपाध्यक्ष

बिलासपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने प्रदेश स्तर पर संगठन को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से व्यापक विस्तार किया है। प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा की अनुशंसा पर हुए इस संगठनात्मक विस्तार में कई सक्रिय कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसी क्रम में बिलासपुर की युवा कार्यकर्ता गौरी गुप्ता को भाजयुमो का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।नियुक्ति के बाद गौरी गुप्ता ने प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर खरा उतरने का वे पूरा प्रयास करेंगी और युवा मोर्चा को मजबूत बनाने में अपनी पूरी निष्ठा से योगदान देंगी।गौरी गुप्ता ने विशेष रूप से बिलासपुर नगर विधायक अमर अग्रवाल का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें अपना राजनीतिक गुरु बताया। उन्होंने कहा कि “आज जो कुछ भी हूं, वह अपने गुरु अमर अग्रवाल जी के मार्गदर्शन और विश्वास का परिणाम है। उन्होंने मुझे इस दायित्व के योग्य समझा, इसके लिए मैं सदैव आभारी रहूंगी।”उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी ऐसा संगठन है जो कार्यकर्ताओं की मेहनत, निष्ठा और समर्पण को पहचानता है और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देता है। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का भी धन्यवाद जताया और कहा कि वे युवाओं को संगठन से जोड़ने तथा पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने का कार्य निरंतर करती रहेंगी।गौरी गुप्ता की नियुक्ति से जिले सहित पूरे प्रदेश के युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनके नेतृत्व में युवा मोर्चा संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।





