नेवासपुर हत्या प्रकरण में मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता, मुख्य आरोपी विमल सप्रे गिरफ्तार

मुंगेली। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में थाना सिटी मुंगेली क्षेत्रांतर्गत ग्राम नेवासपुर में जमीन विवाद को लेकर हुए हत्या प्रकरण में पुलिस ने बड़ी सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी विमल सप्रे एवं एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है।11 दिसंबर 2025 को नेवासपुर में धान की फसल कटाई को लेकर हुए विवाद के दौरान झम्मन सप्रे और उसके परिजनों ने प्रफुल सोनकर के परिवार पर लाठी, डंडे, टंगिया व लोहे के रॉड से हमला किया था। हमले में गंभीर रूप से घायल जनक सोनकर की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद अब तक झम्मन लाल सप्रे, दूजेराम सप्रे, द्वारिका सप्रे, हिरौदी सप्रे, रूपनारायण आहिरे व प्रणय साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।फरार आरोपी विमल सप्रे की पतासाजी तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर की गई। 23 दिसंबर 2025 को पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार करते हुए घटना में प्रयुक्त एक बांस का डंडा बरामद करवाया। साथ ही, एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता की जानकारी दी, जिसे पुलिस ने हिरासत में लिया है।प्रकरण के दौरान षड्यंत्रपूर्वक एक राय होकर अपराध कारित करने की पुष्टि होने पर धारा 61(2) बीएनएस जोड़ी गई है। गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली मुंगेली निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, सउनि भानुप्रताप बर्मन, मधुकर रात्रे, प्रआर. चंद्र कुमार ध्रुव, मनोज ठाकुर, राजेश बंजारे, आरक्षक विकास ठाकुर, योगेश यादव, नोहर डड़सेना, अजय चंद्राकर, रवि श्रीवास व मनोज टंडन की भूमिका सराहनीय रही।





