नितेश भारद्वाज की उपस्थिति में बाबा गुरु घासीदास जयंती कार्यक्रम श्रद्धा व उत्साह से संपन्न

मुंगेली। जिले के विभिन्न ग्रामों में सतनाम पंथ के प्रवर्तक, सामाजिक समरसता, सत्य और मानवता के संदेशवाहक बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में भाजपा के सक्रिय युवा नेता नितेश भारद्वाज विशेष रूप से सम्मिलित हुए। पृथ्वीग्रीन, दामापुर, कोहड़िया और नुनियाकछार सहित आसपास के ग्रामों में आयोजित जयंती समारोहों में उनकी उपस्थिति से आयोजन और अधिक गरिमामय हो गया। ग्रामीणजनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया।
जयंती कार्यक्रमों में मुंगेली विधायक एवं पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले, जिला पंचायत सदस्य उमाशंकर साहू, भारतीय जनता पार्टी जारहागांव मंडल के महामंत्री अश्वनी कश्यप सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने बाबा गुरु घासीदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके आदर्शों और विचारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर नितेश भारद्वाज ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी का जीवन समाज को सत्य, अहिंसा, समानता और भाईचारे का मार्ग दिखाता है। उन्होंने कहा कि “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश आज भी समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक है और इसी विचारधारा के आधार पर एक समरस, भेदभावमुक्त समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने युवाओं से बाबा जी के विचारों को आत्मसात कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया।
विधायक पुन्नूलाल मोहले ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी ने सामाजिक कुरीतियों और भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाकर मानवता का मार्ग प्रशस्त किया। जिला पंचायत सदस्य उमाशंकर साहू एवं भाजपा महामंत्री अश्वनी कश्यप ने भी बाबा जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
कार्यक्रमों के दौरान भजन-कीर्तन, सतनाम संदेशों का वाचन और सामाजिक एकता पर केंद्रित विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रमों का समापन हुआ। बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं और युवा उपस्थित रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में जयंती का उत्सवमय और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।





