मुंगेली: माता परमेश्वरी महोत्सव में शामिल हुए प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, एकता और सेवा का दिया संदेश

मुंगेली। छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन अपने मुंगेली प्रवास के दौरान देवांगन समाज द्वारा आयोजित सात दिवसीय ‘माता परमेश्वरी महोत्सव’ के चौथे दिन के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने माता परमेश्वरी की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

संगठित समाज ही विकास का आधार: मंत्री देवांगन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि देवांगन समाज एक मेहनती और संस्कारवान समाज है। उन्होंने आपसी भाईचारे और एकता पर जोर देते हुए कहा कि एक संगठित समाज ही प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू सकता है। इस अवसर पर मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले ने भी महोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
10 जनवरी को लगेगा विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
महोत्सव के तहत सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता दी जा रही है। 10 जनवरी को महोत्सव परिसर में डॉ. शुभम देवांगन के नेतृत्व में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें जिला अस्पताल के विशेषज्ञों द्वारा नेत्र जांच, बीपी, शुगर और अन्य गंभीर बीमारियों का निःशुल्क परीक्षण कर परामर्श दिया जाएगा।
इससे पूर्व, स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए शिविर में 40 से अधिक लोगों ने लाभ उठाया, जिसमें सिकल सेल स्क्रीनिंग और गर्भवती महिलाओं की जांच भी शामिल रही।
सामाजिक कार्यों के लिए कोमल देवांगन सम्मानित
महोत्सव के तीसरे दिन समाज की गतिविधियों के प्रचार-प्रसार में उत्कृष्ट योगदान के लिए सोशल मीडिया प्रचारक कोमल देवांगन को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में खनिज विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष गिरीश देवांगन, आनंद देवांगन, विष्णु देवांगन निमेष देवांगन सत्तू देवांगन दुर्गेश देवांगन सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
महोत्सव के मुख्य आकर्षण:
- समाज कल्याण विभाग की पहल: बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को छड़ी का वितरण किया गया।
- भजन संध्या: महोत्सव के पांचवें दिन (शुक्रवार) प्रसिद्ध गायक श्याम दीवाना ईशु द्वारा भव्य भजन जागरण की प्रस्तुति दी जाएगी।
- धार्मिक अनुष्ठान: सात दिवसीय इस आयोजन में प्रतिदिन आरती, कथा वाचन और भजन-कीर्तन के माध्यम से भक्ति का माहौल बना हुआ है।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में देवांगन समाज की युवा टीम और वरिष्ठ पदाधिकारियों का विशेष सहयोग मिल रहा है।




