गांधी वार्ड में स्वच्छता की नई धुन: पार्षद विनय चोपड़ा का ‘स्पेशल गाना’ बना नगर में चर्चा का विषय

मुंगेली ✍️नगर के गांधी वार्ड क्रमांक 9 में इन दिनों स्वच्छता अभियान एक नए अंदाज में नजर आ रहा है। वार्ड के पार्षद विनय चोपड़ा द्वारा अपने वार्ड के लिए विशेष रूप से तैयार करवाया गया ‘कचरा गाड़ी गाना’ पूरे शहर में चर्चा का केंद्र बना हुआ है। आमतौर पर नगर पालिका की गाड़ियों में बजने वाले पुराने गानों से अलग, इस नए और कर्णप्रिय गाने ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
धून ऐसी कि जुबां पर चढ़ गई
वार्डवासियों का कहना है कि इस गाने की धुन इतनी शानदार है कि यह लोगों के दिमाग में बैठ गई है। जैसे ही कचरा गाड़ी वार्ड की गलियों में प्रवेश करती है, बच्चे हो या बुजुर्ग, गाने की आवाज सुनकर उत्साहित हो जाते हैं। इस पहल से न केवल कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ी है, बल्कि लोग अब गाड़ी का इंतजार भी खुशी-खुशी करते हैं।
पार्षद की निजी पहल की सराहना
पार्षद विनय चोपड़ा ने अपने वार्ड को एक अलग पहचान देने और स्वच्छता के प्रति लोगों को जोड़ने के लिए इस गाने को खास तौर पर तैयार करवाया है। प्रिंट मीडिया से बात करते हुए वार्ड के नागरिकों ने बताया कि पार्षद की यह छोटी लेकिन प्रभावी कोशिश स्वच्छता के प्रति उनकी गंभीरता को दर्शाती है।
सोशल मीडिया पर भी चर्चा
गांधी वार्ड की इस कचरा गाड़ी के वीडियो और गाने की क्लिप्स अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही हैं। अन्य वार्डों के लोग भी इस पहल की सराहना कर रहे हैं और इसे “क्रिएटिव गवर्नेंस” का एक बेहतरीन उदाहरण मान रहे हैं। फिलहाल, गांधी वार्ड क्रमांक 9 के इस ‘म्यूजिकल कचरा कलेक्शन’ ने स्वच्छता के मामले में पूरे नगर में एक नई मिसाल पेश की है।





