Chhattisgarh

खबर का असर’: मुंगेली में अवैध अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, अपोलो फार्मेसी जमींदोज


कलेक्टर जनदर्शन में हुई शिकायत के बाद एक्शन; हाई कोर्ट से याचिका खारिज होते ही संयुक्त टीम ने की बड़ी कार्रवाई

मुंगेली,/शहर के पुराना बस स्टैंड स्थित अपोलो फार्मेसी पर शुक्रवार को प्रशासन का कड़ा प्रहार देखने को मिला। जिला प्रशासन, नगर पालिका और नजूल विभाग की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ढहा दिया। इस कार्रवाई से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है।

शिकायत से शुरू हुई थी जांच की प्रक्रिया

यह पूरा मामला जनहित और नियमों के उल्लंघन से जुड़ा था। नगर के किशोर बैरागी ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर शिकायत की थी कि दुकान स्वामिनी श्रीमती रुचि जैन (पति गौतम जैन) द्वारा स्वीकृत भूमि से अधिक क्षेत्र पर अवैध कब्जा कर दुकान का निर्माण किया गया है। जनदर्शन में मिली इस शिकायत पर कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लिया और नगर पालिका व नजूल विभाग को संयुक्त जांच के निर्देश दिए थे।

हाई कोर्ट में नहीं टिक सका दुकान मालिक का पक्ष

प्रशासनिक नोटिस के बावजूद दुकान मालिक द्वारा वैध दस्तावेज पेश नहीं किए गए, जिसके बाद मामला उच्च न्यायालय पहुंचा। सुनवाई के दौरान भूमि स्वामी अतिक्रमण से संबंधित कोई भी पुख्ता सबूत पेश करने में विफल रहे। नतीजतन, माननीय न्यायाधीश ने याचिका खारिज करते हुए प्रशासन को नियमानुसार कार्रवाई करने और न्यायालय को सूचित करने का आदेश दिया।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में शुक्रवार सुबह टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर एक्शन शुरू किया। किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। देखते ही देखते अवैध निर्माण को पूरी तरह हटा दिया गया।

अतिक्रमणकारियों में दहशत, प्रशासन की चेतावनी

इस कार्रवाई के बाद शहर में अवैध कब्जा करने वालों के बीच हड़कंप है। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में अन्य अवैध निर्माणों पर भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Advertisement

Pritesh Arya

छत्तीसगढ़ की ताज़ा खबरें पढ़ें khabardaar36.com पर – राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और प्रशासन से जुड़ी हर बड़ी और ब्रेकिंग न्यूज़, सबसे पहले और सबसे सटीक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!