UGC बिल के विरोध में सवर्ण समाज का फूटा गुस्सा, मुंगेली की सड़कों पर मशाल लेकर निकले हजारों लोग

कल कलेक्ट्रेट का घेराव कर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम सौंपेंगे ज्ञापन

मुंगेली। केंद्र सरकार के प्रस्तावित UGC बिल के खिलाफ मुंगेली में सवर्ण समाज ने मोर्चा खोल दिया है। बिल के विरोध में गुरुवार को सवर्ण समाज द्वारा एक विशाल मशाल रैली निकालकर अपनी शक्ति और एकजुटता का प्रदर्शन किया गया। इस ऐतिहासिक रैली में समाज के वरिष्ठ नागरिक, युवा और मातृशक्ति हजारों की संख्या में शामिल हुए।
महाराणा प्रताप चौक से स्वर्ण स्तंभ तक गूंजे नारे
मशाल रैली पुराना बस स्टैंड स्थित महाराणा प्रताप चौक से प्रारंभ हुई, जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए स्वर्ण स्तंभ तक पहुंची। हाथों में जलती मशालें और अधिकारों की रक्षा के नारों के साथ सवर्ण समाज ने इस बिल को ‘काला कानून’ करार दिया। समाज प्रमुखों ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यह बिल सामाजिक संतुलन और समान शैक्षणिक अवसर जैसे संवैधानिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है।
संवैधानिक मूल्यों पर प्रहार का आरोप
वक्ताओं ने तीखे शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि UGC बिल से शैक्षणिक न्याय प्रभावित होगा और समाज में असमानता बढ़ेगी। इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी आशंकाओं का ठोस समाधान नहीं होता, आंदोलन थमेगा नहीं।

कल महा-आंदोलन और कलेक्टर को ज्ञापन
मशाल रैली के समापन पर सर्वसम्मति से आगामी रणनीति तैयार की गई। निर्णय के अनुसार:
- दिनांक: 30 जनवरी
- स्थान: कम्युनिटी हॉल, पुराना बस स्टैंड
- समय: दोपहर 12:00 बजे
- कार्यवाही: भारी संख्या में एकत्रित होकर शांतिपूर्ण रैली निकाली जाएगी, जिसके बाद कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति एवं माननीय प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
सवर्ण समाज ने अपील की है कि सभी वर्गों के लोग अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी एकजुटता का परिचय दें। मशाल रैली में उमड़ा जनसैलाब आने वाले समय में एक बड़े आंदोलन का स्पष्ट संकेत दे रहा है।





