Chhattisgarh

तीन दिवसीय बगदई मेला उत्सव का भव्य आयोजन, सांस्कृतिक परंपराओं का होगा अद्भुत संगम


मांघ पुन्नी से शुरू होगा मेला-मड़ई का दौर, 01 फरवरी से सेतगंगा एवं बगदई मेला का आयोजन

मुंगेली–मांघ पुन्नी के पावन अवसर से अंचल में मेला-मड़ई का सिलसिला प्रारंभ हो रहा है। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय मुंगेली से समीपस्थ ग्राम नुनियाकछार में आस्था, संस्कृति और लोकपरंपराओं का प्रतीक “बगदई मेला उत्सव” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह तीन दिवसीय मेला 01 फरवरी से 03 फरवरी 2026 तक आयोजित होगा। इस वर्ष बगदई मेला अपने 14वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है, जिसे लेकर ग्रामीणों सहित आसपास के क्षेत्रों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
बगदई माता को समर्पित यह मेला वर्षों से क्षेत्र की धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति का प्रतीक रहा है। आयोजन समिति के अनुसार यह उत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि ग्रामीण संस्कृति, लोककला और सामाजिक समरसता को सशक्त मंच प्रदान करता है।
पहला दिन – पूजा-अर्चना एवं भजन संध्या
मेला उत्सव का शुभारंभ 01 फरवरी 2026 (रविवार) को सायं 5 बजे बगदई माता की विधिवत पूजा-अर्चना एवं भजन संध्या के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। भजन संध्या में स्थानीय व बाहर से आए कलाकारों द्वारा भक्तिमय प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिससे पूरा वातावरण भक्ति रस में सराबोर हो जाएगा।
दूसरा दिन – मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान
02 फरवरी 2026 (सोमवार) को सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दिन मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह एवं विशाल सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा। आयोजन समिति का उद्देश्य शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
तीसरा दिन – लोक संस्कृति की भव्य प्रस्तुति
मेला उत्सव का समापन 03 फरवरी 2026 (मंगलवार) को छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति को समर्पित भव्य सांस्कृतिक संध्या के साथ होगा। रात्रि 9 बजे से प्रसिद्ध लोक गायिका पायल साहू एवं संचालक-निर्देशक आकाश चंद्राकर के नेतृत्व में लगभग 40 कलाकारों द्वारा लोकप्रिय लोक मंचन “चिन्हारी” लोक मंजीरा की शानदार प्रस्तुति दी जाएगी, जिसे देखने बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है।
मेले में झूले, दुकानें और मनोरंजन के साधन
तीन दिवसीय मेले के दौरान मनोरंजन के लिए झूले, खेल-तमाशे, खान-पान की दुकानें एवं विभिन्न प्रकार की अस्थायी दुकानें लगेंगी। दुकान लगाने के इच्छुक व्यापारियों से मेला समिति से पूर्व संपर्क कर अनुमति लेने की अपील की गई है।
आयोजन समिति की अपील
इस भव्य आयोजन का संचालन जय बगदई सेवा समिति, नुनियाकछार द्वारा किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष विश्वराज सिंह परिहार ने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित मेला उत्सव में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
बगदई मेला उत्सव आज नुनियाकछार ही नहीं, बल्कि पूरे मुंगेली जिले के लिए आस्था, संस्कृति और भाईचारे का प्रतीक बन चुका है।


Advertisement

Pritesh Arya

छत्तीसगढ़ की ताज़ा खबरें पढ़ें khabardaar36.com पर – राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और प्रशासन से जुड़ी हर बड़ी और ब्रेकिंग न्यूज़, सबसे पहले और सबसे सटीक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!