Chhattisgarh
बजट प्रेस वार्ता: 2047 के विकसित भारत का रोडमैप है यह बजट, छत्तीसगढ़ के विकास को लगेंगे पंख: भूपेंद्र सवन्नी

मुंगेली। मोदी सरकार का केंद्रीय बजट 2047 के विकसित भारत की नींव रखने वाला है। मुंगेली विश्राम गृह में आयोजित एक विशेष प्रेस वार्ता के दौरान क्रेड़ा अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) भूपेंद्र सवन्नी ने बजट की बारीकियों को पत्रकारों के सामने रखा। उन्होंने बताया कि यह बजट न केवल देश को तकनीकी रूप से सशक्त बनाएगा, बल्कि छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों के लिए विकास के नए द्वार खोलेगा।
बजट की 10 बड़ी बातें जो आपको जाननी चाहिए:
- छत्तीसगढ़ को विशेष सौगात: प्रदेश को रेलवे विकास के लिए 7470 करोड़ रुपये मिले हैं। साथ ही ओडिशा और केरल के साथ मिलकर माइनिंग कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जिससे राज्य में निवेश और रोजगार बढ़ेगा।
- सस्ता होगा विदेश जाना और इलाज: विदेश यात्रा और बाहर इलाज के लिए पैसे भेजने पर लगने वाले TCS को घटाकर 2% कर दिया गया है। शिक्षा लोन पर अब कोई TCS नहीं लगेगा।
- रोजगार का नया दौर: एनीमेशन और गेमिंग (AVGC) सेक्टर में 2030 तक 20 लाख प्रोफेशनल तैयार किए जाएंगे। साथ ही 10,000 युवाओं को टूरिस्ट गाइड के रूप में ट्रेनिंग दी जाएगी।
- सस्ती होंगी दवाइयां: कैंसर और शुगर की दवाएं सस्ती होंगी। 5 बड़े मेडिकल हब और 3 नए आयुर्वेदिक अस्पताल बनाए जाएंगे।
- लखपति दीदी योजना का विस्तार: योजना का लक्ष्य 2 करोड़ से बढ़ाकर 5 करोड़ कर दिया गया है। ग्रामीण महिलाओं के लिए ‘SHE Mart’ की शुरुआत होगी, जिससे वे अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों को बेच सकेंगी।
- किसानों के लिए खुशहाली: पशुपालकों के लिए लोन सब्सिडी और मछली पालन के लिए 500 बड़े तालाबों का निर्माण किया जाएगा।
- MSME को मजबूती: छोटे उद्योगों के लिए 10,000 करोड़ रुपये की SME विकास निधि का ऐलान किया गया है।
- शिक्षा और कौशल: स्कूलों और कॉलेजों में AVGC लैब खुलेंगे, जिससे युवा आधुनिक तकनीक (विजुअल इफेक्ट्स और गेमिंग) में स्किल्ड बनेंगे।
- इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर: देश में नए रेल कॉरिडोर और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 10,000 नई इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी।
- सामान लाना हुआ सस्ता: विदेश से 75,000 रुपये तक का सामान लाने पर अब कोई टैक्स नहीं लगेगा (पहले सीमा 50,000 थी)।
पिछली सरकारों से तुलनात्मक बढ़त
सवन्नी ने आंकड़ों के जरिए बताया कि कैसे मोदी सरकार ने बजट के आकार को बदला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में जो शिक्षा बजट 39 हजार करोड़ था, वह आज 1.39 लाख करोड़ है। रेलवे बजट 29 हजार करोड़ से बढ़कर 2.81 लाख करोड़ तक पहुंच गया है।
वरिष्ठ भाजपा नेताओं की रही उपस्थिति
इस प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडे, गिरीश शुक्ला, शैलेष पाठक, प्रेम आर्य, मोहन माल्लाह सहित भारी संख्या में प्रिंट और डिजिटल मीडिया वेब पोर्टल न्यूज़ के पत्रकार मौजूद रहे। जिला मीडिया प्रभारी रामशरण यादव ने यह विस्तृत जानकारी साझा की।
Advertisement





