सक्रियता की मिसाल: गांधी वार्ड में घर-घर पहुंचकर पार्षद विनय चोपड़ा ने किया फाइलेरिया दवा सेवन अभियान का नेतृत्व।

मुंगेली। शहर के सबसे सक्रिय पार्षदों में शुमार विनय चोपड़ा एक बार फिर जनसेवा के कार्यों में अग्रणी नजर आए। मंगलवार को गांधी वार्ड में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत पार्षद विनय चोपड़ा ने सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने न केवल वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया, बल्कि स्वयं अपने हाथों से नागरिकों और बच्चों को फाइलेरिया की दवा पिलाई।

अभियान के दौरान पार्षद चोपड़ा ने घर-घर जाकर लोगों को इस गंभीर बीमारी के खतरों से आगाह किया। उन्होंने स्थानीय निवासियों को समझाते हुए कहा कि फाइलेरिया एक लाइलाज बीमारी है, जिससे बचाव का एकमात्र तरीका समय पर दवा का सेवन करना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि “स्वस्थ वार्ड ही समृद्ध वार्ड की नींव है”, और इसी उद्देश्य के साथ शत-प्रतिशत दवा सेवन सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
पार्षद की इस सक्रियता और जमीनी स्तर पर जुड़ाव को देखते हुए वार्ड वासियों ने उनकी सराहना की। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम, मितानिन और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।





