पुलवामा के शहीदों को NSS स्वयंसेवकों ने दी श्रद्धांजलि, मंदिर परिसर में किया श्रमदान

मुंगेली। प्राचीन शंकर मंदिर मल्लाह पारा में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों द्वारा पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए वीर सपूतों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान युवाओं ने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए देश सेवा का संकल्प लिया।
पुष्पांजलि और दो मिनट का मौन
कार्यक्रम का शुभारंभ शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थित जनसमूह ने दो मिनट का मौन रखकर वीर सपूतों को नमन किया और राष्ट्र की एकता व अखंडता बनाए रखने की शपथ ली। श्रद्धांजलि सभा के पश्चात स्वयंसेवकों ने मंदिर परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया और श्रमदान के माध्यम से सौंदर्यीकरण का कार्य किया।
युवाओं को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा

मंदिर समिति के संयोजक श्री राजेश नामदेव ने संबोधित करते हुए कहा, “पुलवामा के शहीदों का सर्वोच्च बलिदान हर भारतीय के दिल में देशभक्ति की लौ जलाए रखता है। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर सदैव राष्ट्रहित में तत्पर रहना चाहिए।”
वहीं, NSS कार्यक्रम अधिकारी श्री गोचंद पटेल ने बताया कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा भावना और देशभक्ति का संचार करना है।
इनकी रही गरिमामय उपस्थिति
इस अवसर पर राहुल मल्लाह, सुलेखा कांत, दिव्या नामदेव, करीना, हेमलता, प्रीति, धर्मराज, सपना, राजसिंह, परिनियन, आकाश, केशव, भूपेंद्र, ओमसागर, सूरज, आनंद, आस्था, दीपिका, रागनी, गोपाल, रामसिंह, पुष्पराज, रितेश और रनिया सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ हुआ।





