मुंगेली: पूर्व पार्षद श्री निवास सिंह बने जिला कांग्रेस महामंत्री, रिकॉर्ड मतों से जीत का अनुभव अब संगठन के आएगा काम

मुंगेली। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर धार देने की कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में मुंगेली जिले के कद्दावर और जुझारू नेता श्री निवास सिंह को जिला कांग्रेस कमेटी का महामंत्री नियुक्त किया गया है। अपनी कार्यक्षमता और जनसंपर्क के लिए पहचाने जाने वाले श्री निवास सिंह की इस नई जिम्मेदारी से कार्यकर्ताओं और यादव समाज में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
चुनावी राजनीति का लंबा अनुभव
श्री निवास सिंह का राजनीतिक सफर काफी प्रभावशाली रहा है। वे पूर्व में नगर पालिका परिषद में पार्षद रह चुके हैं। खास बात यह है कि उन्होंने अपने वार्ड से जिले में सबसे अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज कर एक रिकॉर्ड कायम किया था। उनके इसी जमीनी जनाधार और चुनावी कौशल को देखते हुए पार्टी आलाकमान ने संगठन की मजबूती के लिए उन्हें फिर से बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
नेतृत्व पर जताया भरोसा
यह महत्वपूर्ण नियुक्ति प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के मार्गदर्शन, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा के नेतृत्व में की गई है। संगठन विस्तार की रणनीति के तहत श्री निवास सिंह के अनुभव और समर्पण को एक बार फिर सम्मान मिला है। इससे पहले भी वे जिला महामंत्री के रूप में संगठन को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभा चुके हैं।
आभार और संकल्प
अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए श्री निवास सिंह ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, वे उस पर खरा उतरेंगे। उन्होंने संकल्प लिया कि पूरी निष्ठा के साथ वे कार्यकर्ताओं को एकजुट कर संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।
बधाइयों का तांता
इस घोषणा के बाद मुंगेली की राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। संजय यादव को जिला उपाध्यक्ष और श्री निवास सिंह को महामंत्री बनाए जाने पर सोशल मीडिया से लेकर जमीन तक समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा है। वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि युवा और अनुभवी चेहरों के आगे आने से आने वाले समय में कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकेगी।





