मुंगेली: भीषण गर्मी में राहगीरों को मिलेगा शीतल जल, विधायक मोहले और कलेक्टर ने किया स्काउट-गाइड प्याऊ घर का शुभारंभ

मुंगेली। बढ़ती गर्मी को देखते हुए भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ मुंगेली द्वारा जनसेवा की एक सराहनीय पहल की गई है। जिले में कुल सात प्रमुख स्थानों पर ‘प्याऊ घर’ खोले गए हैं, जिसका उद्देश्य राहगीरों और आम नागरिकों को भीषण गर्मी में शीतल जल उपलब्ध कराना है।
विधायक और कलेक्टर ने किया शुभारंभ
इन प्याऊ घरों का विधिवत शुभारंभ जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर (लौदा) में क्षेत्रीय विधायक पुन्नूलाल मोहले एवं मुंगेली कलेक्टर कुंदन कुमार के कर-कमलों द्वारा किया गया। वहीं, मुंगेली शहर में रामनवमी के पावन अवसर पर नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा के सौजन्य और उपस्थिति में प्याऊ घर का उद्घाटन संपन्न हुआ।

स्काउट-गाइड्स की रहेगी सक्रिय सहभागिता
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के दिशा-निर्देशानुसार, यह सेवा कार्य पूरे एक माह तक संचालित रहेगा। इसमें स्काउट और गाइड के विद्यार्थी अलग-अलग पालियों (शिफ्ट) में अपनी सेवाएं देंगे। राज्य मुख्यालय के निर्देशों का पालन करते हुए जिला मुख्य आयुक्त राणा प्रताप सिंह ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे और अध्यक्ष जेठमल कोटड़िया के मार्गदर्शन में यह आयोजन किया जा रहा है।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
उद्घाटन के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडे, सीईओ प्रभाकर पांडेय, जिला परियोजना अधिकारी अशोक सोनी, तहसीलदार कुणाल पांडेय सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी और स्काउट-गाइड संघ के पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि स्थानीय व्यापारियों और समाजसेवियों के सहयोग से संचालित होने वाले इन प्याऊ घरों से आम जनता को काफी राहत मिलेगी। इस अभियान को सफल बनाने में राजेंद्र दिवाकर, सृष्टि शर्मा सहित बड़ी संख्या में रोवर-रेंजर और स्काउट-गाइड जुटे हुए हैं।





