Chhattisgarh

मुंगेली: भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर सोनार समाज ने निकाली भव्य शोभायात्रा, जयकारों से गूँजा शहर


मुंगेली। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर मुंगेली शहर भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। इस खास मौके पर युवा सोनार समाज के तत्वाधान में एक विशाल एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के युवाओं और वरिष्ठ जनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

राम जानकी मंदिर से हुआ शंखनाद

​यह भव्य शोभायात्रा शहर के ऐतिहासिक और इकलौते श्री राम जानकी मंदिर (सोनार पारा) से प्रारंभ हुई। गाजे-बाजे और प्रभु श्री राम के दरबार की आकर्षक झाँकी के साथ शुरू हुई यह यात्रा शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से गुजरी। मार्ग भर श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ा रहा और पूरी यात्रा वापस मंदिर परिसर पहुँचकर संपन्न हुई।

केसरिया ध्वज और गूंजते जयकारे

शोभायात्रा के दौरान स्वर्णकार समाज के युवाओं में भारी उत्साह देखा गया। हाथों में केसरिया ध्वज थामे युवा ‘जय श्री राम’ और ‘महाराज अजमीढ़ देव की जय’ के गगनभेदी नारे लगा रहे थे। पारंपरिक वेशभूषा और भक्ति गीतों की धुन ने वातावरण को पूरी तरह राममय कर दिया।

जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

​शहर के मुख्य मार्गों पर अन्य सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों द्वारा यात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया। कहीं पुष्प वर्षा की गई, तो कहीं राहगीरों और श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल, बिस्किट और फ्रूटी का वितरण किया गया।

उद्देश्य: एकता और धर्म के प्रति जागरूकता

​समाज के वरिष्ठ जनों ने बताया कि इस भव्य आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज को सूत्रबद्ध करना और युवा पीढ़ी में धर्म व संस्कृति के प्रति जागरूकता लाना है। इस आयोजन ने न केवल धार्मिक उत्साह को दर्शाया, बल्कि सामाजिक एकजुटता की एक अनूठी मिसाल भी पेश की।


Advertisement

Pritesh Arya

छत्तीसगढ़ की ताज़ा खबरें पढ़ें khabardaar36.com पर – राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और प्रशासन से जुड़ी हर बड़ी और ब्रेकिंग न्यूज़, सबसे पहले और सबसे सटीक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!