चैंबर ऑफ कॉमर्स ने उठाई मांग: बदहाल व्यवस्था सुधारने फायर ब्रिगेड को तुरंत ‘सिटी कोतवाली’ किया जाए शिफ्ट
मुंगेली।
शहर के हृदयस्थल दाऊपारा स्थित दुबे मोबाइल दुकान में बीती रात भीषण आग लग गई। देखते ही देखते दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान, मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक एक्सेसरीज जलकर पूरी तरह खाक हो गए। शहर में पिछले 1 साल के भीतर यह तीसरा बड़ा अग्निकांड है। घटना के बाद एक बार फिर प्रशासन और नगर पालिका की लचर दमकल व्यवस्था उजागर हो गई है, क्योंकि हर बार की तरह इस बार भी जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, तब तक दुकान में सब कुछ जलकर स्वाहा हो चुका था।
देर से पहुंची दमकल, व्यापारियों में भारी आक्रोश
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों और व्यापारियों का आरोप है कि आग लगने की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दे दी गई थी, लेकिन दूरदराज के लोकेशन और बदहाल व्यवस्था के कारण दमकल वाहन बेहद देरी से पहुंचे। जब तक फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की, तब तक व्यापारी का लाखों का नुकसान हो चुका था।
चैंबर ऑफ कॉमर्स ने खोला मोर्चा
लगातार हो रहे हादसों और दमकल विभाग की सुस्ती से नाराज ‘छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स’ मुंगेली इकाई और मुंगेली चेंबर ऑफ कॉमर्स ने मोर्चा खोल दिया है। चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने प्रशासन से सख्त नाराजगी जताते हुए मांग की है कि फायर ब्रिगेड के वाहनों को शहर से दूर रखने के बजाय तुरंत ‘सिटी कोतवाली’ परिसर या शहर के मध्य किसी सुगम स्थान पर शिफ्ट किया जाए।
व्यापारियों का कहना है कि सिटी कोतवाली में दमकल वाहन तैनात रहने से संकरे बाजारों और व्यावसायिक इलाकों में किसी भी दुर्घटना के दौरान चंद मिनटों में राहत कार्य शुरू किया जा सकेगा, जिससे व्यापारियों को इस तरह के बड़े आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।
बढ़ते हादसों से शहर में दहशत
1 साल में तीसरी बार हुई इस बड़ी घटना ने शहर के छोटे-बड़े सभी कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन ने जल्द ही फायर सेफ्टी और दमकल की त्वरित पहुंच के लिए ठोस कदम नहीं उठाए, तो भविष्य में और भी बड़ा हादसा हो सकता है।
एसडीएम और सीएमओ ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम और सीएमओ तत्काल मौके पर पहुंचे और मोर्चा संभाला। दोनों अधिकारियों ने व्यक्तिगत रूप से राहत व बचाव कार्यों का जायजा लिया और आग पर जल्द से जल्द पूरी तरह काबू पाने के लिए राहत टीम को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने पीड़ित व्यवसायी को हर संभव प्रशासनिक मदद का आश्वासन भी दिया है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन आग लगने के कारणों (प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट की आशंका) की जांच कर रहे हैं।

The News Related To The News Engaged In The Khabar Daar36 Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

