निःस्वार्थ सेवा की मिसाल पेश करने की पहल, प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार से बनाई दूरी; जरूरतमंदों के चेहरे की मुस्कान को बताया सबसे बड़ा सम्मान
मुंगेली। समाजसेवा के क्षेत्र में एक सराहनीय और अनुकरणीय पहल करते हुए प्रयास अ स्माल स्टेप फाउंडेशन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। फाउंडेशन की पूरी टीम ने अब जिले में किए जाने वाले सेवा कार्यों के बदले किसी भी प्रकार का सम्मान, प्रशस्ति पत्र अथवा सार्वजनिक अभिनंदन स्वीकार नहीं करने का संकल्प लिया है। संस्था के इस फैसले की चर्चा समाजसेवा के क्षेत्र में एक सकारात्मक संदेश के रूप में देखी जा रही है।
फाउंडेशन की ओर से जारी संदेश में कहा गया है कि लंबे समय से संस्था अपने प्रत्येक सेवा कार्य में निःस्वार्थ सेवा की भावना को प्राथमिकता देती रही है। हालांकि, आत्ममंथन के दौरान टीम ने महसूस किया कि कहीं न कहीं मन में सम्मान प्राप्त करने, मंच पर प्रशंसा पाने और अपने कार्यों के अभिनंदन की अपेक्षा भी मौजूद थी। टीम ने इसे मानवीय स्वभाव मानते हुए महसूस किया कि यदि सेवा वास्तव में निःस्वार्थ है, तो सम्मान और प्रशंसा की अपेक्षा से भी स्वयं को मुक्त करना होगा।
इसी विचार के साथ फाउंडेशन ने यह महत्वपूर्ण संकल्प लिया है कि समाज, जरूरतमंदों और अपने जिले के लोगों के लिए सेवा कार्य पहले की तरह निरंतर जारी रहेंगे, लेकिन इसके बदले किसी प्रकार के मान-सम्मान, पुरस्कार या प्रशस्ति पत्र की अपेक्षा नहीं रखी जाएगी।
संस्था ने बताया कि पिछले एक सप्ताह के भीतर दो अलग-अलग स्थानों से सम्मान समारोह में शामिल होने के निमंत्रण मिले थे, जिन्हें टीम ने विनम्रतापूर्वक अस्वीकार कर दिया। फाउंडेशन ने आमंत्रित करने वालों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके स्नेह और भावनाओं का संस्था हृदय से सम्मान करती है। साथ ही सभी सामाजिक एवं आयोजक संस्थाओं से आग्रह किया है कि भविष्य में उन्हें सम्मानित किए जाने वाली सूची में शामिल न करें।
जरूरतमंद की मुस्कान ही सबसे बड़ा पुरस्कार
फाउंडेशन के अनुसार किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाना, किसी बच्चे के हाथ में किताब पहुंचाना, किसी पीड़ित को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना और किसी असहाय के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना ही उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान है।
संस्था का स्पष्ट संदेश है कि सम्मान पाने की अपेक्षा रखने के बजाय किसी दूसरे के जीवन में सम्मान और मुस्कान का कारण बनना ही सेवा का वास्तविक उद्देश्य होना चाहिए।
प्रयास अ स्माल स्टेप फाउंडेशन का यह निर्णय समाजसेवा के मूल उद्देश्य पर एक महत्वपूर्ण संदेश देता है कि सच्ची सेवा किसी पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र या मंच पर मिलने वाली प्रशंसा की मोहताज नहीं होती। संस्था ने दोहराया है कि सेवा का यह सफर बिना किसी अपेक्षा और स्वार्थ के निरंतर जारी रहेगा।

The News Related To The News Engaged In The Khabar Daar36 Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

