स्वर्ण जयंती स्तंभ से सटी जमीन पर अवैध निर्माण का आरोप…कलेक्टर जनदर्शन में हुई शिकायत…कहीं राजनीतिक संरक्षण तो नहीं ?

मुंगेली/ मुंगेली नगर के व्यस्ततम क्षेत्र मेन चौक, पुराना बस स्टैंड, मेन रोड स्थित एक भू-खंड पर अवैध निर्माण को लेकर हलचल मची हुई है। इस संबंध में सरदार पटेल वार्ड निवासी किशोर बैरागी ने कलेक्टर,जिला मुंगेली को जनदर्शन के माध्यम से लिखित शिकायत प्रस्तुत कर विधिसंगत जांच एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन में उल्लेख किया गया है कि सीट नं. 38/सी, भू-खण्ड क्रमांक 45/1 में से लगभग 2000 वर्गफुट भूमि पर दुकान एवं मकान का निर्माण कराया गया है। यह भूमि नगर के पुराना बस स्टैंड के पास स्वर्ण जयंती स्तंभ से लगी हुई बताई गई है,जो कि नगर की महत्वपूर्ण सार्वजनिक लोकेशन में आती है। शिकायत के अनुसार उक्त भूमि रूचि जैन (पति – गौतम चंद जैन) के नाम से रजिस्टर्ड बताई जा रही है, लेकिन जिस प्रकार से निर्माण किया गया है, वह नियमों के विपरीत एवं अवैधानिक है।
आवेदक का आरोप है कि इस निर्माण के माध्यम से न केवल नगर तथा शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया है,बल्कि शासकीय भूमि पर बेजा कब्जा भी किया गया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि निर्माण के लिए आवश्यक अनुमति,नक्शा स्वीकृति एवं भूमि की वैधानिक स्थिति की ठोस जांच नहीं की गई या नियमों की अनदेखी कर निर्माण कराया गया।
नगर के युवा किशोर बैरागी ने कलेक्टर से मांग की है कि संबंधित भू-खंड की वैधानिक स्थिति की जांच कराई जाए,
निर्माण की अनुमति एवं स्वीकृत नक्शे की जांच की जाए,
यदि निर्माण अवैधानिक पाया जाता है तो निर्माण को हटाने/रोकने की कार्रवाई की जाए,
तथा शासकीय भूमि पर हुए बेजा कब्जे को हटवाया जाए।
शिकायत सामने आने के बाद यह मामला नगरवासियों में चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सार्वजनिक एवं शासकीय भूमि पर इस प्रकार के निर्माणों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई,तो इससे भविष्य में अवैध कब्जों को बढ़ावा मिलेगा।
अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि इस गंभीर शिकायत पर कब और क्या कार्रवाई की जाती है।
इस संबंध में नगर पालिका के अधिकारियों ने बताया कि उक्त स्थल पर अनुज्ञा से ज्यादा स्थल पर निर्माण किया गया हैं जो नियम विरुद्ध हैं, इसमें नोटिस जारी किया जाएगा, साथ ही कड़ी कार्यवाही की जाएगी।




