बड़ी सौगात: कोटा-लोरमी-पंडरिया मार्ग के लिए 84.89 करोड़ मंजूर, डिप्टी सीएम अरुण साव ने दी हरी झंडी

मुंगेली/रायपुर।
छत्तीसगढ़ सरकार ने मुंगेली जिले के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद, कोटा-लोरमी-पंडरिया राजकीय मार्ग के मजबूतीकरण और उन्नयन के लिए 84 करोड़ 89 लाख 35 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी गई है।
केंद्रीय निधि से होगा कायाकल्प
केंद्रीय सड़क निधि (CRIF) योजना के तहत स्वीकृत इस राशि से न केवल 11 किलोमीटर लंबी सड़क का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा, बल्कि मार्ग में आवश्यक पुल-पुलियों का निर्माण भी होगा। इस उन्नयन से क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आवागमन सुगम हो जाएगा।
क्वालिटी से समझौता नहीं: डिप्टी सीएम के सख्त निर्देश
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता सर्वोपरि है। उन्होंने प्रमुख अभियंता को निर्देश दिए हैं कि प्रयुक्त सामग्री और कार्य की बारीकी से जांच की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कार्य की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर कमी पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों और एजेंसी पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
समय सीमा में पूरा होगा काम
लोक निर्माण विभाग ने निर्देश दिए हैं कि इस परियोजना की निविदा प्रक्रिया निर्धारित समय के भीतर पूरी की जाए। कार्य में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग ने एजेंसी को अनुबंधित समय-सीमा के भीतर काम खत्म करने को कहा है, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इस सुविधा का लाभ मिल सके।





