मुंगेली पुलिस की बड़ी कामयाबी:मुंगेली के ज्वेलर्स में चोरी करने वाले गिरफ्तार, CCTV ने खोला राज

मुंगेली। मुंगेली पुलिस ने शहर के हृदय स्थल बलानी चौक स्थित ‘मोनिका ज्वेलर्स’ में हुई सोने के पेंडल की चोरी का महज कुछ ही दिनों में सफल खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) भोजराम पटेल के कड़े निर्देश और साइबर सेल व कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने महज चंद रुपयों के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया था।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता सतीश कुमार सोनी (मोनिका ज्वेलर्स) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 फरवरी 2026 की दोपहर करीब 2:00 बजे एक अज्ञात युवक मंगलसूत्र का पेंडल खरीदने के बहाने दुकान में आया और मौका पाकर कीमती पेंडल लेकर फरार हो गया। पुलिस ने धारा 305(2), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV और बिना नंबर की बाइक ने खोला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP भोजराम पटेल के मार्गदर्शन और एएसपी नवनीत कौर छाबड़ा व मयंक तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने जब दुकान और शहर के हाईटेक कैमरों की फुटेज खंगाली, तो एक बिना नंबर की ब्लैक-रेड मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध युवक नजर आए। इनमें से एक बाइक पर बाहर खड़ा था और दूसरा दुकान के अंदर चोरी करने गया था।
घर के पास से दबोचे गए आरोपी
मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ग्राम घोरबंधा (लोरमी) निवासी दो सगे भाइयों श्लोक कुमार पात्रे (22 वर्ष) और विवेक कुमार पात्रे (19 वर्ष) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने पकड़े जाने के डर से वारदात के समय बाइक की नंबर प्लेट निकाल दी थी और चोरी का पेंडल सीट के नीचे छिपा दिया था।
₹1.85 लाख का मशरूका बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से:
- 01 नग सोने का पेंडल: वजन 9.05 ग्राम (कीमत लगभग ₹85,000/-)
- प्रयुक्त मोटरसाइकिल: सीजी 28 एस 8197 (कीमत लगभग ₹1,00,000/-) जप्त किया है। दोनों आरोपियों को 16 फरवरी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।





