मुंगेली में महाशिवरात्रि की धूम: शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, भव्य शिव बारात और मेले ने मोहा मन

मुंगेली। धर्म और आस्था की नगरी मुंगेली में महाशिवरात्रि का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक चारों ओर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष गूंजते रहे। भोर होते ही मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें लग गईं, जहाँ श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।

शिवालयों में उमड़ी भीड़, हुआ विशेष अभिषेक
नगर के ऐतिहासिक खेमगीर बाबा मल्हापारा और खर्राघाट स्थित गणेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने दूध, दही, शहद, गंगाजल और पंचामृत से भोलेनाथ का विधि-विधान से अभिषेक किया। बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर भक्तों ने अपनी मनोकामनाएं मांगीं। महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की।
खर्राघाट में तीन दिवसीय मेले का आकर्षण
महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में खर्राघाट में तीन दिवसीय भव्य मेले का आयोजन किया गया है। मेले के पहले दिन ही जनसैलाब उमड़ पड़ा। यहाँ स्थानीय व्यापारियों के साथ-साथ दूर-दराज से आए दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें सजाई हैं। बच्चों के लिए झूले, मिकी माउस और खिलौनों की दुकानों पर भारी भीड़ देखी गई, वहीं चाट-पकौड़ी के स्टालों का लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया।
निकली भगवान शिव की भव्य बारात

पर्व का मुख्य आकर्षण जय महाकाल सेवा समिति द्वारा मल्हापारा से निकाली गई भगवान शिव की भव्य बारात रही। गाजे-बाजे और मनमोहक झांकियों के साथ निकली इस बारात का नगरवासियों ने पुष्प वर्षा कर जगह-जगह स्वागत किया। शिव-पार्वती और श्री गणेश के स्वरूपों वाली झांकियों ने सबका मन मोह लिया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर भक्त झूमते हुए खर्राघाट पहुंचे, जिससे पूरा शहर शिवमय हो गया।
भंडारे और प्रसाद वितरण से सराबोर हुई धर्मनगरी

श्रद्धालुओं की सेवा के लिए जगह-जगह भंडारे और प्रसाद वितरण के स्टॉल लगाए गए थे। जय महाकाल सेवा समिति और शिव आराधना सेवा समिति सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा फलहार और खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। देर शाम तक चले इन आयोजनों ने नगर की सांस्कृतिक और धार्मिक एकजुटता की मिसाल पेश की।





