CG ब्रेकिंग: बृजमोहन अग्रवाल ने CM को लिखा पत्र, कलेक्टर गाइडलाइन वृद्धि को स्थगित करने की मांग, बोले….आदेश से किसान-व्यापारी और मध्यमवर्ग में असंतोष व्याप्त

रायपुर। प्रदेश में भूमि खरीदी-बिक्री के लिए कलेक्टर गाइड लाइन दरों में की गई 100 से 800 प्रतिशत तक की वृद्धि का मामला अब राजनीतिक रूप से गर्मा गया है। रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर इस निर्णय को अव्यावहारिक बताते हुए तत्काल स्थगित करने की मांग की है।

सांसद अग्रवाल ने पत्र में कहा है कि बिना किसी जन-परामर्श और आर्थिक मूल्यांकन के अचानक की गई यह वृद्धि किसानों, छोटे व्यवसायियों, रियल एस्टेट सेक्टर और मध्यम वर्ग पर भारी आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय न तो जनहित में है, न शासनहित में और न ही प्रदेश की आर्थिक स्थिति के अनुकूल।

उन्होंने पत्र में उदाहरण देते हुए बताया कि रायपुर और नवा रायपुर के कुछ क्षेत्रों में भूमि मूल्य 700 से 800 प्रतिशत तक बढ़ा दिए गए हैं — जैसे लाभांडी गांव में 0.405 हेक्टेयर भूमि का मूल्य 1.77 करोड़ से बढ़कर 12.79 करोड़ कर दिया गया है। इसी प्रकार ग्राम निमोरा में भी मूल्य में लगभग 888 प्रतिशत की वृद्धि की गई है, जो किसी भी आर्थिक न्यायसंगतता के अनुरूप नहीं है।
अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि नई गाइड लाइन दरों को अविलंब स्थगित किया जाए और पूर्व दरों को पुनः लागू करने पर विचार किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, अर्थशास्त्रियों और विशेषज्ञों की समिति गठित कर वास्तविक बाजार मूल्य के आधार पर नई नीति तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने पंजीयन शुल्क को भी 4 प्रतिशत से घटाकर पुनः 0.8 प्रतिशत करने की मांग की है।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह वृद्धि “इज ऑफ डूइंग बिजनेस” और “इज ऑफ लिविंग” दोनों के विपरीत है और इससे प्रदेश में निवेश एवं रोजगार के अवसर प्रभावित होंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस निर्णय को जनभावनाओं के अनुरूप संशोधित करने की अपील की है।




