छत्तीसगढ़रायपुर

छत्‍तीसगढ़ में लौटी ठंड, उत्तर की ठंडी हवाओं से सात डिग्री तक लुढ़का दिन का तापमान…इन इलाकों हो सकती है बारिश


रायपुर : उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के चलते छत्‍तीसगढ़ में ठंड वापस लौट आई है। हालांकि उत्तर छत्‍तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में ठंड बनी हुई थी और वहां शतीलहर के आसार थे, लेकिन मध्य छत्तीसगढ़ और दक्षिण छत्तीसगढ़ से ठंड गायब सी होने लगी थी। बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण सुबह-शाम के साथ ही दोपहर को भी ठंड बढ़ी है। साथ ही शुक्रवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री तक गिर गया।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि शनिवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, उसके बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू होगी।शुक्रवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम के मिजाज ने करवट बदली और ठंडी हवाएं चलने लगी। काफी दिनों बाद लोगों को सुबह व रात के साथ ही दोपहर व शाम के वक्त भी ठंड का अहसास हुआ।

छत्‍तीसगढ़ में आज हल्की बूंदाबांदी की संभावना
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मौसम का मिजाज अभी ऐसा ही रहेगा। एक द्रोणिका के साथ ही बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं के प्रभाव से बादल छाए हुए है। शनिवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। रायपुर का अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम रहा। इसी प्रकार बिलासपुर का अधिकतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री तक कम रहा।

प्रदेश भर में कोरिया सबसे ठंडा
शुक्रवार को प्रदेश भर में कोरिया सबसे ठंडा रहा। कृषि विज्ञान केंद्र कोरिया में न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी प्रकार पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री और अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री रहा। दो दिनों बाद मौसम खुलते ही न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू होगा।


Advertisement

Pritesh Arya

छत्तीसगढ़ की ताज़ा खबरें पढ़ें khabardaar36.com पर – राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और प्रशासन से जुड़ी हर बड़ी और ब्रेकिंग न्यूज़, सबसे पहले और सबसे सटीक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!