जमीन विवाद में खूनी खेल: युवक का अपहरण कर ली जान, 5 आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली/जरहागांव: जिले के थाना जरहागांव अंतर्गत ग्राम बरेला में जमीन विवाद को लेकर एक युवक की बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (IPS) के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए जरहागांव पुलिस ने षडयंत्र रचकर हत्या करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
घटना 26 दिसंबर 2025 की है। मृतक राजकुमार धुरी (21 वर्ष), जो कि ग्राम बरेला का निवासी था, पंजाब नेशनल बैंक की स्थानीय शाखा में काम से आया था। इसी दौरान पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को लेकर आरोपी संतोष साहू और उसके साथियों ने राजकुमार का बैंक परिसर से ही अपहरण कर लिया। आरोपियों ने उसे कार (HP 38 F 2528) में डालकर अज्ञात स्थान पर ले गए और वहां उसके साथ जमकर मारपीट की।
मारपीट के बाद अधमरी हालत में राजकुमार को उसके घर के पास फेंक कर आरोपी फरार हो गए। परिजन जब उसे अस्पताल ले गए, तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी भोजराम पटेल ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की धरपकड़ के निर्देश दिए। एडिशनल एसपी नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी मयंक तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से दबिश दी।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- संतोष कुमार साहू (56 वर्ष), ग्राम बरेला
- पोमेश साहू (27 वर्ष), भाठापारा (बलौदाबाजार)
- सोनू राम साहू (45 वर्ष), बेमेतरा/मुंगेली
- उत्तम साहू (28 वर्ष), भाठापारा
- समीर कोशले (19 वर्ष), ग्राम बरेला
जब्ती और कानूनी धाराएं
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई कार, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(1), 103(2), 61(2)(ए), 238(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। 28 दिसंबर को सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
सराहनीय भूमिका: इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी जरहागांव नंदलाल पैकरा, साइबर सेल प्रभारी सुशील बंछोर और उनकी टीम की विशेष भूमिका रही।





