छत्तीसगढ़

कांग्रेसी अपने तथाकथित युवा नेता के भविष्य की चिंता करें : भाजपा


रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता दीपक म्हस्के ने कहा है कि कांग्रेसी देश के युवाओं की चिंता छोड़कर अपने उसे युवा नेता की चिंता करें, जिसे स्थापित करने के लिए वे अलग-अलग समय पर अलग-अलग यात्राएँ निकालते रहते हैं। पहले उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी, इससे तीन राज्यों में कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई। अब भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रही है। आजादी के बाद सालों तक लगातार जाति-पंथ विभिन्न बहानों से देश को आपस में लड़ाकर तोड़ने वाली कांग्रेस अब भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रही है!

प्रदेश प्रवक्ता म्हस्के ने कहा कि लगातार अन्याय कांग्रेस पार्टी ने किया है। एक भी ऐसा वर्ग नहीं बचा जिनके साथ कांग्रेस ने अन्याय नहीं किया हो। 5 साल में छत्तीसगढ़ में युवाओं की सीट बेचकर अन्याय किया, महिलाओं के साथ शराबबंदी के नाम पर अन्याय किया, महादेव एप में लोगों के भविष्य बर्बाद कर के अन्याय किया। आज देशभर के युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित होकर अपने सपनों को पंख देकर नित-नई उड़ान भर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के शासन में सभी लोगों के साथ न्याय हो रहा है। भ्रष्टाचार के मामले खुल रहे हैं, तो कांग्रेसी प्रलाप कर रहे हैं। रही बात युवाओं की तो मोदी का युवाओं पर और युवाओं का मोदी पर इतना भरोसा है कि जब मोदी शौचालय की बात करते हैं, स्वच्छता की बात करते हैं तो देश के युवा उसे आंदोलन बना देते हैं। मोदी मुद्रा लोन की बात करते हैं तो युवा लोन लेकर रोजगार देने का एक आंदोलन कर देते हैं। कौशल विकास में देश के युवा बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं, अग्निवीर में देश के युवा दौड़ पड़ते हैं।

उन्होंने दो करोड़ युवाओं को रोजगार के मुद्दे पर कांग्रेसियों के प्रलाप पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जब से केंद्र में सरकार आई है, अनेक लाभकारी योजनाओं को क्रियान्वित कर देश के सभी वर्गों को उत्थान के अवसर सुलभ हुए हैं। मुद्रा बैंक लोन योजना के तहत तीन ग्रेड में 40 करोड़ से ज्यादा लोगों को लोन मिला है और वह अपना व्यापार कर रहे हैं। भाजपा विकास पर और युवाओं को रोजगार दे, इस पर केंद्रित नीतियों पर काम कर रही है। भारत का हर युवा भारत का भविष्य है और वह भारत को आगे ले जाएगा। यह बड़ी विडम्बना है कि वह कांग्रेस युवाओं को लेकर कोरी लफ्फाजी कर रही है। देश में क्या देश के ये आम युवा देश का भविष्य नहीं है? क्या कांग्रेस यह मानती है कि सिर्फ राहुल गांधी देश का भविष्य है?


Advertisement

Pritesh Arya

छत्तीसगढ़ की ताज़ा खबरें पढ़ें khabardaar36.com पर – राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और प्रशासन से जुड़ी हर बड़ी और ब्रेकिंग न्यूज़, सबसे पहले और सबसे सटीक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!