सफेद नशे पर कड़ा प्रहार: तखतपुर देवार पारा में क्राइम ब्रांच का बड़ा छापा, हड़कंप

तखतपुर- बिलासपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और तखतपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) से लाकर ब्राउन शुगर बेचने वाले एक युवक को घेराबंदी कर रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 5 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तखतपुर नगर के वार्ड क्रमांक 12, देवार मोहल्ला में एक युवक लंबे समय से बाहरी राज्यों से नशीले पदार्थ लाकर स्थानीय युवाओं को सप्लाई कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच बिलासपुर की टीम दोपहर को तखतपुर पहुंची। ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस, आरोपी हुआ ढेर कार्रवाई को अंजाम देने के लिए क्राइम ब्रांच और तखतपुर पुलिस ने संयुक्त योजना बनाई।
पुलिस की टीम ग्राहक बनकर देवार मोहल्ले में आरोपी के ठिकाने पर पहुंची। जैसे ही सौदा पक्का हुआ, टीम ने दबिश देकर युवक को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 5 ग्राम ब्राउन शुगर जप्त की गई। पूछताछ में खुल सकते हैं कई बड़े राज गिरफ्तार युवक को तखतपुर थाना लाया गया है, जहां उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि प्रयागराज में उसका मुख्य सप्लायर कौन है और तखतपुर के अलावा वह जिले के किन-किन हिस्सों में नशे का जाल फैला चुका है। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से नशे के इस बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है।





