“खबर का असर” मुंगेली: गुणवत्ताहीन सड़क निर्माण पर प्रशासन सख्त, ठेकेदार को नोटिस जारी, भुगतान पर लगाई रोक

मुंगेली। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत मुख्य मार्ग से बांकी तक निर्माणाधीन सड़क में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। गुणवत्ता में कमी की शिकायतों के बाद विभाग ने संबंधित ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही, कार्य में सुधार होने तक भुगतान रोकने के निर्देश दिए गए हैं। खबर का असर हुआ है इस खबर को प्रमुखता से खबरदार 36.com के द्वारा उठाया गया था जिस पर प्रशासन ने संबंधित ठेकेदार को कारण बताओं नोटिस जारी किया गया है
67 लाख की लागत से हो रहा नवीनीकरण
उल्लेखनीय है कि मुख्य मार्ग से बांकी तक 2.60 किलोमीटर सड़क के नवीनीकरण कार्य के लिए 67.83 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा डामरीकरण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जाने के बाद प्रशासन ने इस मामले को संज्ञान में लिया।
तकनीकी सत्यापन के बिना नहीं होगा भुगतान
कार्यपालन अभियंता (PMGSY) सूर्यवंशी ने बताया कि ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सड़क की तत्काल मरम्मत की जाए और निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा:
”निर्माण में हुई कमियों को लेकर ठेकेदार से जवाब मांगा गया है। डामरीकरण कार्य में सुधार के बाद ही आगे की प्रक्रिया होगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम भुगतान केवल तकनीकी मूल्यांकन और गुणवत्ता सत्यापन के बाद ही किया जाएगा।”
सड़क की मरम्मत के कड़े निर्देश
प्रशासन की इस कार्रवाई से अन्य ठेकेदारों में भी हड़कंप मच गया है। विभाग ने यह साफ कर दिया है कि सरकारी राशि का दुरुपयोग और घटिया निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल ठेकेदार को जल्द से जल्द सुधार कार्य पूरा करने की डेडलाइन दी गई है।




