08 सितम्बर को गणेश विसर्जन जुलूस, यातायात मार्गों में बदलाव

रायपुर। 08 सितंबर 2025, सोमवार को शहर में भव्य गणेश विसर्जन चल-समारोह (झांकी) निकलेगा, जो तेलघानी नाका से शुरू होकर महादेव घाट तक जाएगा। प्रशासन ने यातायात डायवर्जन व पार्किंग व्यवस्था जारी की है। झांकी मार्ग पर रात्रि 8 बजे के बाद वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।
यह चल समारोह रात्रि में तेलघानी नाका चौक से प्रारंभ होकर राठौर चौक, गुरूनानक चौक, एम.जी. रोड, शारदा चौक, जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, सदर बाजार मार्ग, कंकालीपारा, पुरानी बस्ती मार्ग, लाखेनगर चौक, सुन्दर नगर रोड, रायपुरा अंडरब्रिज रास्ते से महादेव घाट विसर्जन स्थल तक पहुंचेगा। शहरभर की प्रतिमाओं का विसर्जन महादेव घाट स्थित विसर्जन कुंड में किया जाएगा।
यातायात व्यवस्था
चल-समारोह के मार्ग पर 08 सितम्बर की रात्रि 08ः00 बजे से सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सुगम यातायात व सुविधा के लिए डायवर्जन मार्ग निर्धारित किए गए हैं –
महादेव घाट क्षेत्र में रायपुरा से अमलेश्वर की ओर जाने वाले वाहन खारून नदी पुल के ऊपर से नहीं जा पाएंगे। ऐसे वाहन भाठागांव, काठाडीह, दतरेगा होकर गुजर सकेंगे।
तेलीबांधा-शास्त्री चौक से जी.ई. रोड होकर टाटीबंध जाने वाले वाहन शास्त्री चौक से कालीबाड़ी, पचपेढ़ी नाका होते हुए रिंग रोड-01 मार्ग का उपयोग करेंगे। वैकल्पिक रूप से, फाफाडीह चौक से स्टेशन रोड, चौबे कॉलोनी व समता कॉलोनी होकर जा सकते हैं।
खमतराई से फाफाडीह हेतु आने-जाने वाले वाहन रिंग रोड-02 का उपयोग करेंगे।
धमतरी रोड-पचपेढ़ीनाका से रेलवे स्टेशन/मेकाहारा की ओर जाने वाले वाहन कालीबाड़ी चौक, शास्त्री चौक व मरही माता चौक होकर पहुंचेंगे।
पार्किंग व्यवस्था
श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है –
तेलीबांधा, पंडरी, राजा तालाब क्षेत्र के श्रद्धालु शहीद स्मारक भवन के पास वाहन पार्क करेंगे।
कटोरा तालाब, टिकरापारा क्षेत्र के श्रद्धालु गांधी मैदान के पास पार्किंग का उपयोग करेंगे।
मठपारा, पुरानी बस्ती क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए इंडोर स्टेडियम (धरना स्थल) पर पार्किंग रहेगी।
आश्रम, लाखेनगर, समता-चौबे क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालु ईदगाह भाठा मैदान/नवीन मार्केट में वाहन पार्क कर सकेंगे।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था में सहयोग करें तथा निर्धारित मार्गों और स्थलों का ही उपयोग करें, जिससे गणेश विसर्जन चल-समारोह का आयोजन सुचारु व श्रद्धा-भक्ति पूर्ण माहौल में सम्पन्न हो सके।




