जनदर्शन में आमजनों ने रखी मांगें अवैध शराब पर रोक, पेयजल, शौचालय और प्रमाण पत्र बनाए जाने की मांग

मुंगेली, 09 सितम्बर। जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन में बड़ी संख्या में आमजन पहुंचे और अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी एवं जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समाधान हेतु निर्देश दिए।
जनदर्शन में लोरमी के ग्राम पैजनिया के ग्रामीणों ने सरपंच वंदना कश्यप पर अवैध व कच्ची शराब और गांजा बिक्री की शिकायत करते हुए उस पर रोक लगाने की मांग की। बिरगॉव के दिव्यांग मुकेश कश्यप और पथरिया की दिव्यांग दुवसिया ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन दिलाने की मांग रखी। ग्राम नवागॉव घुठेरा के भोजराम साहू ने शौचालय निर्माण कराने, ग्राम कोलिहाडीह के नीलकंठ जांगड़े ने स्वस्थ पेयजल उपलब्ध कराने, ग्राम पंडोतरा के विकास चौहान ने नानी का मृत्यु प्रमाण पत्र दिए जाने एवं ग्राम संगवाकापा के माखन साहू ने सड़क निर्माण हेतु भूमि का मुआवजा भुगतान की मांग की।
इसके अलावा ग्राम दामापुर के ग्रामीणों ने नवीन ट्रांसफार्मर लगवाने, ग्राम सम्बलपुर के पंचम यादव ने जाति और निवास प्रमाण पत्र बनाने तथा ग्राम घोरपुरा के लोगों ने आंगनबाड़ी भवन की मरम्मत कराने की मांग सहित कई अन्य आवेदन प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि सभी आवेदनों का नियमानुसार निराकरण किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





