हनुमंत कथा महोत्सव रायपुर में 4 से 8 अक्टूबर तक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री करेंगे प्रवचन व दिव्य दरबार

रायपुर। राजधानी रायपुर में भक्ति और आस्था का महाकुंभ सजने जा रहा है। बागेश्वर धाम सरकार, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 4 से 8 अक्टूबर तक गुढ़ियारी में श्री हनुमंत कथा महोत्सव और दिव्य दरबार का आयोजन करेंगे।
स्वर्गीय पुरुषोत्तम अग्रवाल स्मृति फाउंडेशन के तत्वावधान में होने वाले इस भव्य आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन समिति कार्यालय का विधिवत उद्घाटन रविवार को समाज के वरिष्ठजनों व प्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्तगण भी मौजूद रहे।
कार्यालय के उद्घाटन के साथ ही कार्यक्रम स्थल पर व्यापक स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप देने का कार्य शुरू कर दिया गया है। पंडाल सजावट, भंडारे की व्यवस्था, सुरक्षा व यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं के बैठने की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
आयोजकों ने बताया कि यह दिव्य आयोजन श्रद्धालुओं को अध्यात्म और भक्ति की धारा से जोड़ेगा। कथा महोत्सव से समाज में एकता, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देने का उद्देश्य रखा गया है।
4 से 8 अक्टूबर तक होने वाला यह महोत्सव न केवल राजधानी बल्कि पूरे प्रदेश को भक्ति और श्रद्धा की गंगा में डुबकी लगाने का अवसर देगा।





