मुंगेली: भाजपा नगर मंडल का दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान संपन्न

मुंगेली। भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल मुंगेली द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान’ का भव्य समापन हुआ। 28 और 29 मार्च को आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग में पार्टी की विचारधारा, कार्यपद्धति और आगामी चुनावी रणनीतियों पर विस्तार से मंथन किया गया।
विधायक मोहले ने किया शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले द्वारा भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर ‘भाजपा परिवार एवं विकास’ तथा ‘हमारे पितृपुरुष’ विषय पर एक ज्ञानवर्धक प्रदर्शनी भी लगाई गई। विधायक मोहले ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को न केवल सार्वजनिक जीवन में बल्कि अपने व्यक्तिगत आचरण में भी उतारना अनिवार्य है।
वैचारिक और रणनीतिक सत्रों का आयोजन
दो दिनों तक चले इस महाभियान में कुल सात महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए:
- प्रथम सत्र: पूर्व सांसद लखन लाल साहू ने ‘वैचारिक अधिष्ठान एवं संगठन की भूमिका’ पर प्रकाश डाला।
- द्वितीय सत्र: जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने ‘कार्यविस्तार की हमारी दृष्टि’ विषय पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
- सोशल मीडिया और AI: दूसरे दिन के प्रथम सत्र में जिला उपाध्यक्ष सुनील पाठक ने आधुनिक दौर में ‘सोशल मीडिया, एआई (AI) और नमो ऐप’ के महत्व को समझाया।
- इतिहास और विकास: प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शैलेष पाठक ने पार्टी के गौरवशाली इतिहास और विकास कार्यों पर उद्बोधन दिया।
- बूथ प्रबंधन: जिला महामंत्री गुरमीत सलूजा ने आगामी कार्यक्रमों और बूथ स्तर की मजबूती पर जोर दिया।
- सरकारी उपलब्धियां: लोरमी जनपद पंचायत अध्यक्ष वर्षा सिंह ठाकुर ने केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा की।
- कार्यपद्धति: अंतिम सत्र में प्रदेश पिछड़ा वर्ग मोर्चा के मंत्री विनय साहू ने संगठन की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया।
डिजिटल पहल और सांस्कृतिक संध्या
प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुना। प्रथम दिवस के समापन पर अमन सोनी, ललित शर्मा एवं दल द्वारा संगीतमय सुंदरकांड का पाठ किया गया। प्रशिक्षण के अंत में एक ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें सफल प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
वरिष्ठ नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, गिरीश शुक्ला, शैलेष पाठक, गुरमीत सलूजा,प्रेम आर्य,कैलाश ठाकुर, जय प्रकाश मिश्रा, राणा प्रताप सिंह, मोहन भोजवानी, डॉ. संजय वर्मा, और सहित अनेक वरिष्ठ नेता मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन और प्रबंधन नगर मंडल प्रभारी रामशरण यादव (जिला मीडिया प्रभारी) की देखरेख में हुआ। अंत में नगर मंडल अध्यक्ष सौरभ बाजपेई ने सभी आगंतुकों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अमितेश आर्य महावीर सिंह, मनु लाल श्रीवास्तव, अनूप जैन, विजय यादव, विजय बंजारा, शंकर देवांगन और अन्य पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।





