मुंगेली पुलिस का ‘ऑपरेशन बाज’: 11 पेटी अवैध शराब के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार, 3 मोटरसाइकिलें भी जब्त

मुंगेली। जिला पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत थाना सिटी कोतवाली मुंगेली को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में घेराबंदी कर 11 पेटी (514 पाव) देशी प्लेन शराब जब्त की है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
2.31 लाख का मशरूका बरामद
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जब्त की गई कुल 92.52 बल्क लीटर शराब की कीमत 41,040/- रुपये आंकी गई है। वहीं तस्करी में इस्तेमाल की जा रही तीन मोटरसाइकिलों (पल्सर, एचएफ डीलक्स और एसपी शाइन) की कुल कीमत 1,90,000/- रुपये है। इस प्रकार पुलिस ने कुल 2,31,040/- रुपये का माल बरामद किया है।
तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई
थाना प्रभारी कार्तिकेश्वर जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर चकरभाठा रोड, रायपुर रोड स्थित भरत दाल मिल और संबलपुर के पास नाकेबंदी की थी।
- पहली कार्रवाई: जंगलपुर (बेमेतरा) निवासी शत्रुहन सिंह राजपूत को 25 पाव शराब और एचएफ डीलक्स बाइक के साथ पकड़ा गया।
- दूसरी कार्रवाई: सुकली (कबीरधाम) निवासी दिलहरण यादव को पल्सर बाइक पर 200 पाव शराब की तस्करी करते रंगे हाथों पकड़ा गया।
- तीसरी कार्रवाई: गिरधारी कापा निवासी राजू माथुर और भोलवाकापा निवासी भीम गावस्कर को एसपी शाइन बाइक पर 288 पाव शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्यवाही में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, प्रधान आरक्षक अजय छत्री, प्रकाश शुक्ला, दिलीप साहू, आरक्षक अजय चन्द्राकर, नोहर डडसेना, अरुण साहू, मनोज टंडन, दीप खुटे, रवि श्रीवास और सैनिक भोप सिंह का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(1), 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज किया है।





