Chhattisgarh

मुंगेली पुलिस का ‘ऑपरेशन बाज’: ट्रैक्टर और 7 बाइक समेत अंतर्राज्यीय चोर गिरोह गिरफ्तार


मुंगेली। जिले में चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 1 ट्रैक्टर और 7 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 1 नाबालिग को संरक्षण में लिया गया है। जब्त किए गए वाहनों की कुल कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है।

ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे

​पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर नकेल कसने के लिए साइबर सेल और थानों की संयुक्त टीम बनाई गई थी। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम हरदीडीह निवासी दिलेश सप्रे एक पुराना ट्रैक्टर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। घेराबंदी कर जब दिलेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो उसने अपने साथियों पवन जगत, मनीष साहू और एक नाबालिग के साथ मिलकर लोरमी, मुंगेली और फास्टरपुर क्षेत्र से वाहन चोरी करना स्वीकार किया।

मास्टर चाबी से उड़ाते थे वाहन

​पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने लोरमी के गायत्री मंदिर के पास खड़े एक महिंद्रा युवो ट्रैक्टर को मास्टर चाबी से स्टार्ट कर चोरी किया था। इसके अलावा आरोपियों ने बघमार मेला और मुंगेली व्यापार मेला जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों से भी मोटरसाइकिलें पार की थीं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ट्रैक्टर इंजन और 7 अन्य बाइक बरामद की हैं।

‘सशक्त एप’ से मिली त्वरित मदद

​इस पूरी कार्रवाई में छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘सशक्त एप’ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एप के माध्यम से पुलिस ने चोरी गए वाहनों का डेटा तत्काल प्राप्त किया, जिससे विभिन्न थानों में दर्ज मामलों का मिलान करने और आरोपियों के विरुद्ध ठोस सबूत जुटाने में आसानी हुई।

इन्हें किया गया गिरफ्तार

​पुलिस ने देवप्रसाद बर्मन (35 वर्ष), दिलेश सप्रे (22 वर्ष), पवन जगत (36 वर्ष) और मनीष साहू (18 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी प्रसाद सिन्हा, लोरमी थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव, कोतवाली प्रभारी कार्तिकेश्वर जांगड़े समेत अन्य टीम सदस्यों की मुख्य भूमिका रही।

पुलिस की अपील: अधीक्षक भोजराम पटेल ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे सुरक्षा की दृष्टि से अपने घरों और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे जरूर लगवाएं। यदि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति नजर आए, तो तत्काल नजदीकी थाना या चौकी को सूचित करें।


Advertisement

Pritesh Arya

छत्तीसगढ़ की ताज़ा खबरें पढ़ें khabardaar36.com पर – राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और प्रशासन से जुड़ी हर बड़ी और ब्रेकिंग न्यूज़, सबसे पहले और सबसे सटीक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!