मुंगेली: भक्ति और उत्साह के साथ निकली प्रभात फेरी, गूँजे भगवान महावीर के जयकारे

मुंगेली। भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के द्वितीय दिवस के अवसर पर मुंगेली नगर में भक्तिमय माहौल के बीच प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी का शुभारंभ श्री दिगंबर जैन मंदिर से हुआ, जहाँ से श्रद्धालु भगवान के जयघोष के साथ रवाना हुए।
यह यात्रा नगर के मुख्य मार्गों—भगवान महावीर स्वामी चौक, गोल बाजार, सदर बाजार, पुराना बस स्टैंड और दाउपारा से होते हुए श्री सुगति नाथ जैन श्वेतांबर मंदिर पहुँची। मंदिर परिसर में उपस्थित सभी सदस्यों द्वारा सामूहिक रूप से गरिमामय वातावरण में झंडा वंदन (ध्वजारोहण) किया गया।
महोत्सव समिति के सचिव विनय लुनिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रभात फेरी में समाज के बच्चों, युवाओं, महिलाओं और पुरुषों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लगभग 140 से अधिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को भव्यता प्रदान की।
झंडा वंदन के पश्चात नवकार महिला मंडल, मुंगेली द्वारा सभी के लिए नवकारसी (अल्पाहार) की सुंदर व्यवस्था की गई। कार्यक्रम की सफलता और महिला मंडल की उत्कृष्ट व्यवस्था की समाज के सभी वर्गों ने खूब सराहना की। महोत्सव से जुड़ी उपरोक्त विस्तृत जानकारी सचिव विनय महोदय द्वारा साझा की गई है।





