मुंगेली की बेटी डिंकी केशरवानी का जलवा, प्रदेश के पहले रियलिटी शो ‘छत्तीसगढ़ी ठुमका’ के टॉप 100 में बनाई जगह

मुंगेली। मुंगेली जिले के लिए यह गर्व का क्षण है कि नगर की प्रतिभाशाली डांसर डिंकी केशरवानी ने छत्तीसगढ़ के पहले रियलिटी शो ‘छत्तीसगढ़ी ठुमका’ में अपनी कला का लोहा मनवाते हुए टॉप 100 प्रतिभागियों में स्थान पक्का कर लिया है। एक निजी चैनल द्वारा आयोजित इस शो का ऑडिशन बीते 4 जनवरी को राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ था।
सैकड़ों प्रतिभागियों के बीच बिखेरा कला का जादू
रायपुर में आयोजित इस मेगा ऑडिशन में प्रदेशभर से सैकड़ों की संख्या में नर्तक अपनी प्रतिभा दिखाने पहुँचे थे। मुंगेली से प्रतिनिधित्व करते हुए डिंकी केशरवानी ने अपनी शानदार प्रस्तुति से जजों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 9 जनवरी को घोषित परिणामों में डिंकी को प्रदेश के 100 सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों में चुना गया है।
सफलता का श्रेय परिवार और गुरुजनों को
अपनी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए डिंकी ने बताया कि उनकी सफलता के पीछे माता मालती केशरवानी, पिता गुलाब चंद केशरवानी, बड़ी बहन शिवानी केशरवानी और उनके गुरुजनों का निरंतर मार्गदर्शन व आशीर्वाद रहा है। उन्होंने कहा कि जजों द्वारा मिली सराहना ने उनके आत्मविश्वास को और बढ़ाया है।
नगर में कला को दे रही हैं नई दिशा
गौरतलब है कि डिंकी केशरवानी पिछले चार वर्षों से मुंगेली में ‘डिंकी डांस स्टूडियो’ का सफल संचालन कर रही हैं। वे अब तक सैकड़ों बच्चों और युवाओं को नृत्य का प्रशिक्षण देकर नगर में कला और संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
अगला लक्ष्य: टॉप 50 में जगह बनाना
डिंकी ने जानकारी दी कि शो का अगला ऑडिशन राउंड 12 जनवरी को आयोजित होगा, जिसमें टॉप 100 में से टॉप 50 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। पिछले राउंड में निर्णायक के रूप में कलर्स चैनल फेम प्रसिद्ध भरतनाट्यम डांसर अनिल तांडानी और छत्तीसगढ़ी अभिनेत्री मंजरी मौजूद रहे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन ने शिरकत की थी।
डिंकी की इस सफलता से पूरे मुंगेली जिले में हर्ष का माहौल है। नगरवासियों ने उम्मीद जताई है कि वे आगामी चरणों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगी।




