मुंगेली कांग्रेस में नया संतुलन, अभिलाष सिंह को फिर मिली उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

मुंगेली।
जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली की नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ ही संगठन में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की सहमति के बाद पदाधिकारियों की सूची जारी की। इस बार की कार्यकारिणी में अनुभव और युवाओं के संयोजन पर खास ध्यान दिया गया है, जिससे संगठनात्मक मजबूती की उम्मीद बढ़ी है।

नई टीम में कई नए चेहरों को अवसर देने के साथ ही अनुभवी नेताओं को भी जिम्मेदारी दी गई है। इसी क्रम में अभिलाष सिंह को लगातार दूसरी बार जिला कांग्रेस का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जो उनके सक्रिय योगदान और संगठन में मजबूत पकड़ को दर्शाता है।
अभिलाष सिंह इससे पहले भी सागर सिंह बैस के कार्यकाल में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। पार्टी के भीतर उनकी कार्यशैली, समन्वय क्षमता और कार्यकर्ताओं से जुड़ाव को लेकर सकारात्मक चर्चा रही है, जिसके चलते उन्हें दोबारा यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नियुक्ति के बाद अभिलाष सिंह ने प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, सह प्रभारी विजय जांगिड़, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत एवं जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वे संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने के साथ पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे।
कार्यकारिणी की घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को अधिक सक्रिय और सशक्त बनाने की तैयारियां भी तेज हो गई हैं।





