मुंगेली: नुक्कड़ नाटक के जरिए पुलिस सिखा रही यातायात के गुर, सड़कों पर दिखी सुरक्षा की झलक

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह: एसपी भोजराम पटेल के निर्देशन में मुंगेली पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान
मुंगेली। 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत मुंगेली जिले में आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस की टीम शहर के प्रमुख चौराहों पर सक्रिय है।
इसी कड़ी में आज मुंगेली के व्यस्ततम पड़ाव चौक और दाऊपारा चौक पर यातायात पुलिस द्वारा नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। कलामंच के माध्यम से कलाकारों ने आम जनता को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, नशे में वाहन न चलाने और ओवरस्पीडिंग से होने वाले नुकसानों के बारे में बड़े ही रोचक ढंग से समझाया।
सड़क पर उमड़ी भीड़, मिला संदेश:
नुक्कड़ नाटक को देखने के लिए राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस के अधिकारियों ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक माह का अभियान नहीं, बल्कि जीवन भर के लिए अपनाई जाने वाली आदत होनी चाहिए।
एसपी के निर्देश पर विशेष सख्ती:
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के सख्त निर्देश हैं कि जागरूकता के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी नजर रखी जाए। यातायात पुलिस का उद्देश्य है कि मुंगेली की सड़कों को दुर्घटना मुक्त बनाया जा सके। नुक्कड़ नाटक के इस प्रयोग की स्थानीय नागरिकों ने काफी सराहना की है।




