Chhattisgarh

मिशन 2028 का शंखनाद: मुंगेली जिला कांग्रेस की पहली बैठक में संगठन मजबूती और एकजुटता पर जोर


बूथ स्तर तक सक्रिय होंगे कार्यकर्ता, भाजपा की विफलताओं को जनता के बीच ले जाने का लिया संकल्प

मुंगेली।

नवगठित जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली की प्रथम संगठनात्मक बैठक जिला कांग्रेस कार्यालय में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी ‘मिशन 2028’ की तैयारी और जमीनी स्तर पर संगठन को अभेद्य बनाना रहा। बैठक में जिले के दिग्गज नेताओं सहित नवनियुक्त पदाधिकारियों ने हुंकार भरते हुए अभी से चुनावी मोड में आने का संकल्प लिया।

एकजुटता ही जीत का मंत्र: घनश्याम वर्मा

​बैठक की शुरुआत करते हुए जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन की मजबूती केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। वर्मा ने कहा, “प्रत्येक पदाधिकारी को बूथ एवं मंडल स्तर तक जाकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना होगा। हमारी एकजुटता ही आने वाले समय में कांग्रेस की जीत का मार्ग प्रशस्त करेगी।”

2028 की तैयारी अभी से: संजीत बनर्जी व थानेश्वर साहू

​मुंगेली विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी संजीत बनर्जी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि 2028 के चुनाव में विजय हासिल करने के लिए हमें आज से ही मैदान में उतरना होगा। वहीं वरिष्ठ नेता थानेश्वर साहू ने समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि आपसी तालमेल से ही हम हर चुनौती का सामना कर सकते हैं। शहर अध्यक्ष दीपक गुप्ता और सेवादल जिलाध्यक्ष दिलीप बंजारा ने भी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा के साथ संगठन हित में कार्य करने का आह्वान किया।

सोशल मीडिया से सड़क तक होगा संघर्ष

​वरिष्ठ नेता विद्यानंद चंद्राकर ने कार्यकर्ताओं को आक्रामक रणनीति अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की विफलताओं और जनविरोधी नीतियों को उजागर करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक कड़ा संघर्ष करना होगा। बैठक में संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करने और आगामी कार्यक्रमों के लिए जिम्मेदारियों का बंटवारा भी किया गया।

दिग्गजों की रही मौजूदगी

​बैठक का सफल संचालन नरेश पाटले द्वारा किया गया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर हेमेंद्र गोस्वामी, मुकेश मिरि, अभिलाष सिंह, उमेश सोनी, खुशबू वैष्णव, पुरुषोत्तम मार्को, अरविंद वैष्णव, लोकराम साहू, मनीष त्रिपाठी, अशोक चंद्राकर, श्रीनिवास ठाकुर, संपत जायसवाल, रामकुमार साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनाने का संकल्प दोहराया।


Advertisement

Pritesh Arya

छत्तीसगढ़ की ताज़ा खबरें पढ़ें khabardaar36.com पर – राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और प्रशासन से जुड़ी हर बड़ी और ब्रेकिंग न्यूज़, सबसे पहले और सबसे सटीक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!