मुंगेली: युवा कांग्रेस की प्रेस वार्ता, ‘संविधान आधारित नेतृत्व’ के लिए युवाओं से आह्वान

मुंगेली। भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा सोमवार को जिला मुख्यालय में राष्ट्रीय पदाधिकारी (NOB) कार्यक्रम के संबंध में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान युवा कांग्रेस के नेताओं ने युवाओं को राजनीति में सशक्त बनाने और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए आगे आने की अपील की।
क्या है NOB कार्यक्रम?

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मुंगेली युवा कांग्रेस सह-प्रभारी शहजाद आलम अंसारी ने कहा कि NOB (National Office Bearer) कार्यक्रम युवाओं को संविधान के मूल्यों से जोड़ने की एक ऐतिहासिक पहल है। जिला अध्यक्ष राजेश छैदईया ने बताया कि यह कार्यक्रम उन युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है जो लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के साथ राजनीति में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल पद पाने का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा और विचारधारा से जुड़ने का एक बड़ा अभियान है।
कौन कर सकता है आवेदन?
कार्यक्रम के तहत युवा कांग्रेस के वर्तमान पदाधिकारी, निर्वाचित जनप्रतिनिधि, आंदोलनों में सक्रिय कार्यकर्ता और पार्टी के अन्य अधिकृत पदाधिकारी आवेदन कर सकेंगे। चयन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और योग्यता पर आधारित होगी। इच्छुक युवा www.iyc.in/nob-introduction या क्यूआर कोड के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
संविधान की रक्षा पर जोर
प्रदेश सचिव लक्ष्मीकांत भास्कर ने केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि वर्तमान में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमले हो रहे हैं। ऐसे में युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे संविधान की रक्षा के लिए नेतृत्व संभालें।
ये रहे उपस्थित
प्रेस वार्ता के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, शहर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक गुप्ता, देवेंद्र वैष्णव, असद खोखर, ललित जायसवाल, करण ठाकुर, सजल यादव, विवेक राज, रंजीत, संजय जांगड़े और दीनू दाहिरे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।




