छत्तीसगढ़ दिनभर की 5 बड़ी खबरें

ख़बरदार छत्तीसगढ़ न्यूज़ ✍️रायपुर. बिजली दरों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन की तैयारी में जुट गई है. आज कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पीसीसी चीफ दीपक बैज ने राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन करने का ऐलान किया. बैज ने कहा कि बिजली दर में बढ़ोतरी को लेकर ब्लॉक से जिला स्तर तक प्रदर्शन किया जाएगा.
बेमेतरा. सतनामी समाज के गुरु एवं आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब के काफिले पर असामाजिक तत्वों ने अचानक हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, विधायक नवागढ़ में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रायपुर लौट रहे थे। इस दौरान बेमेतरा से रायपुर बायपास पर भोईनाभांठा के बीच अचानक खुशवंत साहेब की गाड़ी पर जमकर पत्थरबाजी की गई। इस घटना में विधायक की कार के सामने के शीशे टूटे हैं। गुरु खुशवंत सुरक्षित हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही।
जांजगीर-चांपा. छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में बलोदा थाना क्षेत्र के भैंसतरा गांव में आज दर्दनाक हादसा हो गया. तालाब में नहाने गए चार बच्चों की डूबने से मौत हो गई. मृतकों में तीन लड़की और एक लड़के हैं. चारों बच्चे तीन अलग-अलग परिवार के थे. इनमें भाई-बहन भी शामिल हैं. इस घटना के बाद परिवार और गांव में मातम पसर गया है. परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है.
कोंडागांव। इंदौर की सोनम के किस्से तो आपने कई बार सुने होंगे, लेकिन हम आपको धमतरी की सोनम के बारे में बताने जा रहे हैं. इस सोनम ने अपने प्रेमी के हाथों अपने पति को मरवा दिया. लेकिन इस मोबाइल युग में डिजीटल फुटप्रिंट को मिल ही जाता है, लिहाजा पुलिस को पति को मरवाने वाली महिला और उसके प्रेमी को धरदबोचने में ज्यादा दिन नहीं लगे.
रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों ने एक बार फिर से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। नई दिल्ली में 17 जुलाई को आयोजित होने वाले स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में छत्तीसगढ़ के सात नगरीय निकायों को स्वच्छता के मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों को प्रेसिडेंट्स अवार्ड भी प्रदान करेंगी।
किन-किन निकायों को मिलेगा सम्मान
स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए बिलासपुर नगर निगम को तीन लाख से दस लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में, कुम्हारी नगर पालिका को 20 हजार से 50 हजार आबादी वाले शहरों की श्रेणी में इसके साथ ही बिल्हा नगर पंचायत को 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में यह सम्मान दिया जाएगा। इसके अलावा रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य स्तर पर श्रेष्ठ कार्यों के लिए केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा मिनिस्ट्रियल अवार्ड प्रदान किया जाएगा।
नई कैटेगरी में इन्हें मिलेगा इनाम
स्वच्छता के क्षेत्र में असाधारण प्रदर्शन करने वाले शहरों को पहचान देने के लिए इस साल सुपर स्वच्छता लीग (एसएसएल) नामक एक विशेष श्रेणी की शुरुआत की गई है। इस लीग में वे शहर शामिल किए गए हैं, जो पिछले तीन वर्षों में कम से कम एक बार शीर्ष तीन में जगह बना चुके थे। इस श्रेणी में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों का चयन हुआ है, अंबिकापुर नगर निगम (50 हजार से तीन लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी), पाटन नगर पंचायत तथा बिश्रामपुर नगर पंचायत (20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी) को एसएसएल के लिए चयनित किया गया है





