Chhattisgarhमुंगेली

जिले में गणेश विसर्जन और ईद पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न


मुंगेली। जिले में आगामी दिनों में होने वाले गणेश विसर्जन एवं ईद पर्व को शांति और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन कक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पांडेय तिवारी ने की।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले में छोटे गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन 6 सितंबर को तथा बड़े गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन 7 सितंबर को किया जाएगा। विसर्जन यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। इस अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर ने कहा कि पुलिस बल, नगर पालिका और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम चौक-चौराहों पर तैनात रहेगी। यात्रा के दौरान साउंड सिस्टम और डीजे का उपयोग निर्धारित ध्वनि सीमा एवं समय-सीमा के भीतर ही किया जाएगा। इसके अलावा सही व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यात्रा मार्गों की साफ-सफाई कराई जाएगी और यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु ट्रैफिक पुलिस की विशेष टीम तैनात की जाएगी।

इसी तरह ईद पर्व को लेकर भी आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण एवं सद्भावपूर्ण वातावरण में ईद की नमाज सम्पन्न कराने के लिए मस्जिदों और ईदगाह के आसपास सुरक्षा एवं सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पेयजल, विद्युत और सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

जनप्रतिनिधियों एवं समाज के गणमान्य नागरिकों ने प्रशासनिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मुंगेली जिला हमेशा सौहार्द्र और भाईचारे का प्रतीक रहा है। गणेशोत्सव और ईद जैसे पर्व मिलजुल कर मनाने से समाज में एकता और सहयोग की भावना और अधिक मजबूत होगी।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, एसडीओपी मयंक तिवारी सहित पुलिस विभाग, नगर पालिका अधिकारी, गणमान्य नागरिक, विभिन्न समाज के पदाधिकारी और गणेशोत्सव समिति के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


प्रशासन की अपील

  • विसर्जन यात्रा के दौरान ध्वनि सीमा और समय-सीमा का कड़ाई से पालन किया जाए।

  • सुरक्षा व्यवस्था के चलते पुलिस, नगरपालिका और स्वास्थ्य विभाग की टीम मुस्तैद रहेगी।

  • धार्मिक मार्गों की साफ-सफाई और यातायात नियंत्रण का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

  • ईद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील, मस्जिदों एवं ईदगाह के आसपास विशेष सुरक्षा और सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।


Advertisement

Pritesh Arya

छत्तीसगढ़ की ताज़ा खबरें पढ़ें khabardaar36.com पर – राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और प्रशासन से जुड़ी हर बड़ी और ब्रेकिंग न्यूज़, सबसे पहले और सबसे सटीक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!