रायपुर के VIP चौक पर लगाई गई छत्तीसगढ़ महतारी की नई मूर्ति.. प्रतिमा तोड़ने वाला शख्स भी गिरफ्तार..

रायपुर ✍️राजधानी रायपुर के वीआईपी चौक पर स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति को खंडित करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि यह घटना रविवार की है, जब किसी असामाजिक तत्व ने मूर्ति को तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया था। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और घटना के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तेलीबांधा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है।
घटना के बाद नगर निगम और प्रशासन ने तत्काल पहल करते हुए नई छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति स्थापित कर दी है, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
वहीं, प्रशासन ने वीआईपी चौक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है, ताकि भविष्य में ऐसी कोई अप्रिय घटना न हो। सामाजिक संगठनों ने मांग की है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई हो और सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी बढ़ाई जाए। छत्तीसगढ़ महतारी की नई मूर्ति के पुनः स्थापना के साथ ही माहौल अब सामान्य बताया जा रहा है।





