मुंगेली: पुलिस कॉलोनी में गूंजा ‘मनखे-मनखे एक समान’ का संदेश, ‘पहल’ अभियान के तहत खेलकूद और जागरूकता का संगम

मुंगेली। जिला पुलिस अधीक्षक भोज राम पटेल के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान “पहल” के तहत रविवार को पुलिस कॉलोनी रावणभाठा में परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती पूरी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। लगातार सातवें वर्ष आयोजित इस कार्यक्रम में भक्ति भाव के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला।

खेल-कूद के माध्यम से जागरूकता की ‘पहल’
कार्यक्रम में पुलिस परिवार के बच्चों और महिलाओं ने विशेष उत्साह दिखाया। इस दौरान जलेबी दौड़ और रंगोली जैसी विभिन्न खेल-कूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य मनोरंजन के साथ-साथ पुलिस परिवारों को नवीन कानूनों और सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करना था।

साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति का दिया संदेश
जयंती के अवसर पर मौजूद अधिकारियों ने वर्तमान समय की चुनौतियों, जैसे साइबर अपराध और ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के व्यावहारिक तरीके समझाए। उपस्थितजनों को सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने और नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में गुरु घासीदास जी के संदेश ‘मानवता, सत्य और अहिंसा’ को जीवन में उतारने पर जोर दिया गया ताकि समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
आयोजन को सफल बनाने में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली कार्तिकेश्वर जांगड़े, पुलिस अधिकारी शत्रुहन खूंटे, बबीता श्रीवास, भुवन चतुर्वेदी, मनीष गेंदले, शिव शंकर गोयल और सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती जया गुप्ता की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों को सम्मानित करने और समाज में जागरूकता फैलाने के आह्वान के साथ हुआ।





