Chhattisgarh

“सड़क में जलभराव ने छीना चैन:पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड के लोग बेहाल,कलेक्टर जनदर्शन में दिया आवेदन


मुंगेली/नगर पालिका परिषद अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में सार्वजनिक सड़क पर लंबे समय से बने गंभीर जलभराव ने वार्डवासियों का जीना दुश्वार कर दिया है। लगातार अनदेखी और समस्या के स्थायी समाधान के अभाव में अब वार्डवासियों का सब्र जवाब दे गया है। मजबूर होकर बड़ी संख्या में नागरिकों ने कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचकर कलेक्टर महोदय को लिखित आवेदन सौंपते हुए त्वरित कार्यवाही की मांग की है।
वार्डवासियों का कहना है कि वार्ड की मुख्य सार्वजनिक सड़क पर हमेशा पानी भरा रहने से आमजन को रोज़ाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पैदल चलने वालों से लेकर दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरना पड़ता है। सड़क पर फैला गंदा पानी और कीचड़ न सिर्फ दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है, बल्कि मच्छरों के पनपने से डेंगू,मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार जलभराव के कारण आसपास का पूरा इलाका नारकीय स्थिति में पहुंच चुका है। बच्चों,बुजुर्गों और महिलाओं के लिए घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि समस्या वर्षों पुरानी होने के बावजूद नगर पालिका परिषद द्वारा न तो समुचित सफाई कराई गई है और न ही जल निकासी की कोई ठोस व्यवस्था की गई है।
वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर वार्ड पार्षद को कई बार मौखिक रूप से अवगत कराया गया लेकिन अब तक समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई। इससे लोगों में भारी नाराजगी और आक्रोश व्याप्त है।
आक्रोश उस समय और बढ़ गया जब कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देने के दौरान एडीएम की मौजूदगी में मुख्य नगर पालिका अधिकारी होरी सिंह द्वारा यह कह दिया गया कि संबंधित कॉलोनी अवैध है,इसलिए नगर पालिका इस समस्या का निराकरण नहीं कर सकती। इस बयान से आहत वार्डवासियों ने सवाल उठाया कि जब कॉलोनी नगर पालिका क्षेत्र में आता है और वें नियमित मतदाता हैं,मकान निर्माण के समय भवन अनुज्ञा दी गई है और नगर पालिका के द्वारा नियमित रूप से टैक्स वसूला जाता है,तो फिर कॉलोनी को अवैध कैसे कहा जा सकता है? लोगों ने यह भी तंज कसा कि यदि कॉलोनी अवैध है तो चुनाव के समय राजनीतिक दलों के प्रत्याशी वोट मांगने क्यों आते हैं।
वार्डवासियों का कहना है कि जब वे गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं,तब न तो वार्ड पार्षद और न ही नगर पालिका के अधिकारी उनकी परेशानी को गंभीरता से ले रहे हैं। यही वजह है कि अब उन्हें प्रशासन का दरवाजा खटखटाना पड़ा है।
इस दौरान चंद्रशेखर यादव,प्रत्युष सोनकर,अजय अग्निहोत्री,संतोष,सोनी,सुनील सोनी,कुलदीप सोनी एवं दिलीप सोनी सहित अन्य नागरिकों ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर प्रशासन से मांग की है कि जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सफाई,जल निकासी और सड़क सुधार जैसे आवश्यक कार्य कराए जाएं,ताकि वार्डवासियों को राहत मिल सके।
अब सबकी निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि इस गंभीर जनसमस्या पर कितनी जल्दी संज्ञान लिया जाता है और वार्डवासियों को कब तक इस जलभराव से निजात मिल पाती है।


Advertisement

Pritesh Arya

छत्तीसगढ़ की ताज़ा खबरें पढ़ें khabardaar36.com पर – राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और प्रशासन से जुड़ी हर बड़ी और ब्रेकिंग न्यूज़, सबसे पहले और सबसे सटीक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!