Chhattisgarhमुंगेली

*‘‘गौ सेवा संकल्प महाअभियान’’ के अंतर्गत कार्यशाला का हुआ आयोजन

*गौ सेवा के प्रति जागरूकता और संकल्प का यह ऐतिहासिक कदम - उपमुख्यमंत्री अरुण साव


मुंगेली, 08 अगस्त 2025// सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ती जनहानि और पशुहानि की गंभीरता को देखते हुए बेसहारा एवं सड़कों पर छोड़े गए मवेशियों के बेहतर प्रबंधन, सेवा और संरक्षण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिले में ‘‘गौ सेवा संकल्प अभियान’’ की शुरुआत की गई है। अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन कक्ष में कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, कलेक्टर  कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ  प्रभाकर पाण्डेय, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम की विधिवत शुरूआत छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इस दौरान उप मुख्यमंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधियों ने गौ मित्र बनने हेतु फॉर्म भरा और अन्य लोगों को भी प्रेरित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री साव ने इस अभियान को अपने जीवन का ऐतिहासिक, अविस्मरणीय और सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम बताया। उन्होंने कहा कि गौ सेवा समाज, संस्कृति और आत्मा से जुड़ा हुआ कार्य है, जिसे जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए हमें अपनी भावनाओं को जगाने की आवश्यकता है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को इस अभियान का नेतृत्व करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही सभी लोगों को इस अभियान में सहभागी बनने की अपील की।
विधायक श्री मोहले ने ‘‘गौ सेवा संकल्प अभियान’’ की ऐतिहासिक शुरुआत के लिए जिला प्रशासन को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने सभी लोगों को गाय पालन करने के लिए संकल्प लेने कहा। उन्होंने कहा कि गौ माता की पूजा में सभी देवी-देवताओं की पूजा शामिल होती है। हमारा यह गौ सेवा संकल्प अभियान छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के लिए मॉडल बने ऐसा हमें प्रयास करना है। उन्होंने आम जनों को गौ माता की सेवा करने प्रोत्साहित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि गौ सेवा बहुत ही पुण्य का काम है। हम सभी को गौ सेवा के लिए बढ़-चढ़कर आगे आना चाहिए। गौ सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से घूमंतु पशुओं के कारण हो रही सड़क दुर्घटनाएं, यातायात में बाधा, जनहानि आदि में निश्चित ही कमी आएगी।
कलेक्टर ने कहा कि गौ सेवा संकल्प अभियान हम सब का अभियान है, छोटी-छोटी पहल से शुरुआत करते हुए इस अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें। इस अभियान की सफलता के लिए आप सब लोग मिलकर प्रयास करें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गौ सेवा पवित्र कार्य के साथ ही सुकून का कार्य है, उन्होंने गायों के आध्यात्मिक महत्व को बताते हुए गायों की सेवा, संरक्षण करने की बात कही। जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि छोटे-छोटे बदलाव करके बड़े अभियान का रूप दिया जाएगा। ग्राम पंचायत में गौ सेवा समिति का गठन किया जा रहा है, ये समितियां घुमंतू पशुओं के प्रबंधन का कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि पशुओं का शत प्रतिशत ईयर टैगिंग किया जाएगा, ताकि पशु मालिकों की आसानी से पहचान हो सके। रात में पशु दिखाई दे, इसके लिए पशुओं में रेडियम बेल्ट लगाने पर जोर दिया जा रहा है।
गौ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गायों की सेवा, संरक्षण एवं सहयोग को प्रोत्साहित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजन बनाई गई है। घुमंतू पशुओं की समस्या के समाधान के प्रयास के रूप में को काऊ कैचर, पशु हेल्पलाइन कंट्रोल रूम, गौ आधारित आजीविका और उत्पादन को बढ़ावा देने के प्रयास किए जाएंगे। पशुपालन में व्यापक रोजगार के अवसर का सृजन, जन्म-मृत्यु पंजीयन, बिना चरवाहे के छोड़े जाने पर प्रतिबंध जैसे प्रयास हो रहे है। अभी तक 700 से अधिक गौ मित्र बनाया जा चुका है और 01 लाख से अधिक गौ मित्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में गौ माता की सेवा करने, मवेशी को खुले में नहीं छोड़ने, सड़क पर मवेशी मिलने पर किनारे हटाने के साथ ही अपने माता-पिता, मित्रों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों को गौ सेवा के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया। इस दौरान चोरी एवं अपराध की घटनाओं पर समुचित रोक लगाने जिले को सूडा अंतर्गत 64 सीसीटीवी कैमरे प्रदान करने के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के समापन में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।

 


Advertisement

Pritesh Arya

छत्तीसगढ़ की ताज़ा खबरें पढ़ें khabardaar36.com पर – राजनीति, अपराध, शिक्षा, खेल और प्रशासन से जुड़ी हर बड़ी और ब्रेकिंग न्यूज़, सबसे पहले और सबसे सटीक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!